DDU यूनिवर्सिटी में पांचवें सेमेस्टर का परीक्षा पैटर्न बदला: VC ऑफिस के बाहर छात्रों ने किया हंगामा, नए सेशन से लागू करने की मांग

डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी में पांचवें सेमेस्टर के परीक्षा पैटर्न में बदलाव को लेकर मंगलवार को छात्रों ने विरोध जताया। बीए, बीएससी और बीकॉम पांचवें सेमेस्टर के 50 से अधिक छात्र एडी बिल्डिंग स्थित कुलपति कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी की। छात्रों ने मांग की कि परीक्षा पैटर्न में बदलाव मौजूदा सेमेस्टर के बजाय नए सेशन से लागू किया जाए।
छात्रों का कहना था कि पिछले चार सेमेस्टर से वे MCQ पैटर्न पर परीक्षा दे रहे हैं। इसी आधार पर उन्होंने अपनी पढ़ाई और नोट्स तैयार किए हैं। अचानक पांचवें सेमेस्टर में डिस्क्रिप्टिव पेपर कराने का नोटिस जारी होने से उनके सामने तैयारी को लेकर परेशानी खड़ी हो गई है। छात्रों ने कहा कि लगातार MCQ परीक्षा देने के कारण लिखने की आदत भी छूट गई है। ऐसे में मिड सेशन में परीक्षा पैटर्न बदलने से उनकी तैयारी प्रभावित हो सकती है और इसका सीधा असर रिजल्ट पर पड़ने की आशंका है।
प्रॉक्टर ने परीक्षा नियंत्रक से ली जानकारी
छात्रों के हंगामे की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रोफेसर टीएन मिश्रा मौके पर पहुंचे और उनसे बातचीत की। उन्होंने तत्काल परीक्षा नियंत्रक से फोन पर जानकारी ली। प्रॉक्टर ने छात्रों को बताया कि परीक्षा पैटर्न में बदलाव का निर्णय परीक्षा समिति की ओर से लिया गया है। समिति का तर्क है कि छात्रों की तैयारी प्रभावित न हो, इसलिए सेमेस्टर शुरू होने से करीब छह महीने पहले ही बदलाव की सूचना दे दी गई थी। हालांकि, प्रॉक्टर ने छात्रों को उनकी मांग कुलपति तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
कुलपति ने मांगा तीन से चार दिन का समय
प्रॉक्टर ने छात्रों का आवेदन लेकर कुलपति तक पहुंचाया। इसके बाद कुछ छात्रों को बातचीत के लिए कुलपति कार्यालय में बुलाया गया। करीब 10 मिनट तक छात्रों की कुलपति से वार्ता हुई। छात्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे अतुल यादव ने बताया कि कुलपति ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और तीन से चार दिन का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को समझने के बाद छात्र हित में ही फैसला लिया जाएगा।











