गोरखपुर में आंगनबाड़ी के 533 पद खाली: 5 अक्टूबर तक महिला अभ्यर्थी कर सकती हैं आवेदन, ऑफलाइन की सुविधा नहीं

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 533 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इनमें कार्यकर्ता के 326 और सहायिका के 207 पद शामिल हैं। दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि पांच अक्टूबर 2026 है।
जिले के सभी 20 ब्लाकों में अलग-अलग पद रिक्त हैं। ग्रामीण क्षेत्र में जिस ग्राम पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र पर पद खाली है, उसी ग्राम पंचायत की निवासी महिला आवेदन कर सकेगी। शहर में संबंधित वार्ड की निवासी महिलाएं ही आवेदन कर सकेंगी। केवल महिला अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन आवेदन की सुविधा नहीं होगी।
18 से 35 वर्ष तक आयु सीमा
जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. अभिनव कुमार मिश्र ने बताया कि आवेदन बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की वेबसाइट upanganwadibharti.in पर किया जा सकता है। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना एक जुलाई 2026 के आधार पर होगी। आयु प्रमाण के लिए हाईस्कूल का अंकपत्र मान्य होगा। संबंधित ग्राम सभा में पात्र आवेदक नहीं मिलने पर उसी न्याय पंचायत के किसी गांव से आवेदन किया जा सकेगा।
कार्यकर्ता और सहायिका के पद आरक्षित
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 326 पदों में एससी, एसटी के लिए 67 और ओबीसी के लिए 95 पद आरक्षित हैं। वहीं सहायिका के 207 पदों में एससी, एसटी वर्ग के लिए 58 और ओबीसी के लिए 52 पद आरक्षित किए गए हैं। चयन प्रक्रिया में पदवार निर्धारित नियमों के अनुसार मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।











