गोरखपुर में दो ट्रांसफार्मर गायब मिलने पर JE निलंबित: तीन नोटिस के बाद भी नहीं दिया जवाब, 36 ट्रांसफार्मर स्टोर में जमा नहीं

राप्तीनगर न्यू सब-स्टेशन के प्लिंथ से 400-400 केवीए के दो ट्रांसफार्मर गायब मिलने के मामले में तत्कालीन जेई मोहनलाल को निलंबित कर दिया गया है। सस्पेंशन के दौरान उन्हें टेस्टिंग डिवीजन से अटैच किया गया है। कार्रवाई की जानकारी होने के बाद सोमवार को जेई ने दोनों ट्रांसफार्मरों का इंतजाम कराया और मंगलवार तड़के खाली पड़े प्लिंथ पर उन्हें इंस्टॉल भी करा दिया।
मई में हुई विभागीय जांच के दौरान मिलेनियम सिटी के तिकोना पार्क और इंद्रप्रस्थनगर पार्ट-2 में केवल प्लिंथ बने मिले थे। दोनों जगह ट्रांसफार्मर मौजूद नहीं थे। जांच में अलग-अलग क्षमता के आठ अन्य ट्रांसफार्मर भी खराब हालत में मिले। इसके अलावा पिछले साल दिसंबर से बदले गए 36 ट्रांसफार्मर स्टोर में जमा नहीं कराए जाने की बात सामने आई। इनमें राप्तीनगर के दोनों ट्रांसफार्मर भी शामिल थे।
10 अगस्त को दिया गया अंतिम नोटिस
ट्रांसफार्मर गायब होने के समय राप्तीनगर उपकेंद्र की जिम्मेदारी मोहनलाल के पास थी। उस समय वह धर्मशाला सब-स्टेशन पर तैनात थे। राप्तीनगर के अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार ने उन्हें 23 मई और 19 जून को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके बाद 10 अगस्त को अंतिम नोटिस दिया गया। हालांकि, विभाग के अनुसार तीन नोटिस जारी होने के बाद भी जवाब नहीं मिला।
मामले की जांच जारी
अधीक्षण अभियंता रणजीत चौधरी ने बताया कि मामला गंभीर होने के कारण निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच जारी है। इसमें जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी इंजीनियरों को भी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।











