गोरखपुर जेल से बाहर आया रजत चौधरी: समर्थकों ने जमकर लगाए नारे, सोशल मीडिया पर रिहाई का वीडियो वायरल

राप्तीनगर निवासी रजत चौधरी जेल से बाहर आया। पूर्व उपसभापति और पार्षद प्रतिनिधि बृजेश सिंह उर्फ छोटू के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और धमकी देने के आरोप में रजत को जेल भेजा गया था। उसकी रिहाई की जानकारी मिलते ही दोस्त, परिचित और समर्थक जेल के बाहर पहुंच गए। बाहर आने के बाद दोस्तों ने रजत से मुलाकात की और उसका स्वागत किया।
रजत के जेल से बाहर निकलते ही उसके दोस्तों ने नारे लगाए। उन्होंने कहा- “जेल का ताला टूट गया, दोस्त हमारा छूट गया।” दोस्तों ने यह भी कहा कि संघर्षों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। रिहाई के दौरान वहां उसके परिचित और समर्थक भी मौजूद रहे।
छात्र नेताओं की मौजूदगी भी रही चर्चा में
रजत की रिहाई के दौरान गोरखपुर विश्वविद्यालय से जुड़े कुछ छात्र नेता भी जेल के बाहर पहुंचे। बताया गया कि कुछ दिन पहले रजत ने विश्वविद्यालय के छात्र नेताओं के साथ एक कार्यक्रम में मंच साझा किया था। अब उसकी जेल से रिहाई के मौके पर भी छात्र नेताओं की मौजूदगी देखी गई।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो
जेल से बाहर आने के बाद रजत चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रिहाई का वीडियो पोस्ट किया। इसमें वह जेल से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है और उसके आसपास दोस्त व परिचित मौजूद हैं। वीडियो पोस्ट होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लाइक और शेयर करना शुरू कर दिया।











