गोरखपुर में लड़कियों पर कमेंट से रोकने पर युवक को पीटा: अंडा रोल खाते समय हुआ विवाद, आरोपियों पर केस दर्ज

चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहरीपुर में लड़कियों पर भद्दे कमेंट करने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि दो दबंगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को रास्ते में घेरकर पीटा। हमले में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोट आई। राहगीरों के बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय युवक को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़ित मंदीप ने पुलिस को बताया कि मोहरीपुर में ठेले पर अंडा रोल खा रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद आर्यन और रंजीत आने-जाने वाली लड़कियों पर भद्दे कमेंट कर रहे थे। लड़कियां उनकी हरकतों से असहज हो रही थीं। मंदीप ने दोनों को ऐसा करने से रोका तो वे उससे बहस करने लगे। आरोप है कि दोनों ने उसका कॉलर पकड़ लिया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
घर लौटते समय रास्ता घेरा
मंदीप के मुताबिक, विवाद खत्म होने के बाद वह घर जाने लगा। कुछ दूर पहुंचने पर आर्यन और रंजीत ने चार-पांच अन्य युवकों के साथ उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए मुक्का, पंच और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर और हाथ में चोट लगने के बाद राहगीरों ने पहुंचकर उसे बचाया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
तहरीर पर दर्ज हुई एफआईआर
मंदीप ने चिलुआताल थाने में तहरीर दी। पुलिस ने बरगदवां निवासी आर्यन और रंजीत समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।











