गोरखपुर में एक सप्ताह से युवती लापता: सब्जी लेने के लिए निकली थी घर से, पिता ने जताई धर्मांतरण की आशंका

गुलरिहा क्षेत्र के एक गांव से बाजार में सब्जी लेने गई 22 वर्षीय युवती करीब एक सप्ताह से लापता है। युवती के पिता ने करमहा बुजुर्ग निवासी कपड़ा दुकानदार परवेज अंसारी पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पिता ने बेटी के धर्मांतरण की आशंका भी जताई है। मामले में एसएसपी के आदेश के बाद गुलरिहा पुलिस ने परवेज अंसारी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता के मुताबिक, चौराहे पर परवेज अंसारी की ‘परवेज वस्त्रालय’ नाम से कपड़े की दुकान है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। युवती करीब तीन साल से इसी दुकान पर काम करती थी। आरोप है कि 10 सितंबर को युवती घर से सब्जी लेने के लिए बाजार जाने की बात कहकर निकली थी। करीब दो घंटे बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन में दुकानदार पर लगाया आरोप
परिवार का दावा है कि तलाश के दौरान उन्हें पता चला कि परवेज अंसारी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने गलत नीयत से बेटी को अपने साथ ले जाकर उसका धर्मांतरण कराने की कोशिश की हो सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवती पहले से शादीशुदा है। गुलरिहा थाने पर सुनवाई नहीं होने के बाद पिता ने अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद एसएसपी के निर्देश पर केस दर्ज किया गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।











