गोरखपुर में महिला कोच से दो लावारिस बैग बरामद: 13 किलो डोडा-पोस्ता बरामद, 90 हजार की कीमत

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 12556 के महिला कोच से दो लावारिस बैग बरामद किए हैं। तलाशी के दौरान इनमें 12 किलो 990 ग्राम डोडा-पोस्ता मिला। आरपीएफ के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 90,930 रुपये है। बैगों पर किसी यात्री ने दावा नहीं किया, जिसके बाद टीम ने उन्हें कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
आरपीएफ पोस्ट गोरखपुर की टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ट्रेन की जांच की थी। इस दौरान गोरखपुर अपराध आसूचना शाखा और सीआईबी की टीम भी साथ रही। चेकिंग के दौरान महिला कोच में दो काले रंग के पिट्ठू बैग लावारिस हालत में मिले। आसपास मौजूद यात्रियों से बैगों के बारे में जानकारी ली गई, लेकिन कोई भी यात्री उनका मालिक होने के लिए सामने नहीं आया।
जांच में सूखा अफीम का छिलका मिला
संयुक्त टीम ने दोनों बैगों की तलाशी ली तो उनमें कुल 12 किलो 990 ग्राम अफीम डोडा-पोस्ता यानी सूखा छिलका बरामद हुआ। आरपीएफ ने बताया कि इसकी कीमत सात हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से करीब 90,930 रुपये आंकी गई है। मादक पदार्थ और दोनों बैग आरपीएफ पोस्ट गोरखपुर ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।
आरपीएफ और सीआईबी की टीम रही शामिल
कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट गोरखपुर से एएसआई दिनेश यादव, कांस्टेबल महेंद्र यादव, हरिगोपाल, नंदकिशोर और राकेश यादव शामिल रहे। अपराध आसूचना शाखा से आईपीएफ जयंत कुमार, एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार यादव ने सहयोग किया। सीआईबी टीम में एसआई अबू फरहान गफ्फार और हेड कांस्टेबल बृज बहादुर शामिल रहे। आरपीएफ के मुताबिक, बरामद मादक पदार्थ के संबंध में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।











