पादरी बाजार फ्लाईओवर का 92 फीसदी काम पूरा: सितंबर तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद, 570 मीटर लंबा बन रहा फ्लाईओवर

गोरखपुर|
सितंबर तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद, 570 मीटर लंबा बन रहा फ्लाईओवर

पादरी बाजार चौराहे पर जाम से राहत दिलाने वाला फोरलेन फ्लाईओवर अब निर्माण के अंतिम दौर में पहुंच गया है। करीब 98.34 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फ्लाईओवर का 92 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब फिनिशिंग और अन्य अंतिम कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। योजना के मुताबिक सितंबर के अंत तक निर्माण पूरा करने के बाद अक्टूबर में इसका लोकार्पण कराया जाएगा। इससे दशहरा के आसपास शहरवासियों को एक महत्वपूर्ण यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बरगदवा-कौआबाग जेल बाईपास फोरलेन पर स्थित पादरी बाजार चौराहा लंबे समय से भारी ट्रैफिक दबाव का सामना कर रहा है। शहर के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों को जोड़ने वाले इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर करीब 570 मीटर लंबे फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। इसका काम सितंबर 2024 में शुरू हुआ था।

कई प्रमुख मार्गों के वाहनों को मिलेगी राहत

फ्लाईओवर चालू होने के बाद पादरी बाजार चौराहे पर वाहनों को बार-बार रुकने की जरूरत नहीं होगी। बरगदवा, कौआबाग, जेल बाईपास, पिपराइच, कप्तानगंज, मेडिकल कॉलेज, महराजगंज और सोनौली की ओर आने-जाने वाले वाहनों को सुगम आवागमन का विकल्प मिलेगा। इससे यात्रियों का समय बचेगा और वाहनों के ईंधन की खपत भी कम होगी। ट्रैफिक का दबाव कम होने से सड़क हादसों की संभावना घटने की भी उम्मीद है।

फिनिशिंग और सुरक्षा से जुड़े काम जारी

उत्तर प्रदेश सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार के अनुसार फ्लाईओवर का अधिकांश सिविल वर्क पूरा हो चुका है। फिलहाल फिनिशिंग, सड़क निर्माण, सुरक्षा बैरियर, रेलिंग, लाइटिंग समेत अन्य जरूरी कार्य कराए जा रहे हैं। निर्माण एजेंसी शेष काम को तय समयसीमा में पूरा करने में जुटी है। वर्तमान में परियोजना का 92 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। योजना के अनुसार सितंबर के अंत तक सभी कार्य पूरे कर अक्टूबर में फ्लाईओवर का लोकार्पण कराया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।