रामगढ़ताल में शुरू होगी पैसेंजर बोट सेवा: 3 करोड़ में जीडीए खरीदेगा वाटर टैक्सी, 50 यात्री कर सकेंगे सफर

रामगढ़ताल को पर्यटन की दृष्टि से और आकर्षक बनाने की दिशा में जीडीए ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। ताल में फ्लोटिंग जेटी निर्माण की योजना के साथ अब पैसेंजर बोट सेवा शुरू करने की तैयारी भी तेज हो गई है। परिवहन मंत्रालय से खरीद और संचालन की अनुमति मिलने के बाद जीडीए करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पैसेंजर बोट खरीदने की योजना बना रहा है। इसके संचालन के लिए अनुभवी एजेंसी का चयन किया जाएगा।
प्रस्तावित पैसेंजर बोट के संचालन के बाद पर्यटक रामगढ़ताल के एक छोर से दूसरे छोर तक आसानी से सफर कर सकेंगे। यात्रा का संभावित किराया 40 से 50 रुपये रखा जाएगा। बोट फ्लोटिंग जेटी से संचालित होगी और लोग अपनी सुविधा के अनुसार विभिन्न स्थानों पर उतरकर घूमने के बाद उसी सेवा से वापस लौट सकेंगे। आरकेबीके क्षेत्र से आने वाले पर्यटक पार्किंग में वाहन खड़ा कर सीधे बोट के माध्यम से नया सवेरा सहित अन्य स्थानों तक पहुंच सकेंगे।
सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर
प्रस्तावित बोट में एक बार में लगभग 50 यात्री सफर कर सकेंगे। इसे आधुनिक सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके। यह सेवा रामगढ़ताल के भीतर वाटर टैक्सी की तरह कार्य करेगी और ताल के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन को आसान बनाएगी।
फ्लोटिंग जेटी और पार्किंग की भी होगी व्यवस्था
जीडीए ताल के विभिन्न हिस्सों में चार से पांच फ्लोटिंग कम पिलर जेटी विकसित करने की योजना पर भी काम कर रहा है। प्रत्येक जेटी के पास पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। इन जेटियों पर ही पैसेंजर बोट का ठहराव होगा। एक अतिरिक्त जेटी का निर्माण पूरा होने के बाद सेवा शुरू किए जाने की तैयारी है।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि रामगढ़ताल आने वाले पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से पैसेंजर बोट सेवा शुरू की जा रही है। इससे लोग ताल के विभिन्न हिस्सों का आसानी से भ्रमण कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना रामगढ़ताल को पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान देने के साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









