मानसिक रोगी बताकर छिपाई सच्चाई: दो दिन तक दवा खाकर सोता रहा पति, विरोध पर ससुर बोला- हम संवारेंगे जिंदगी

गोरखपुर|10 घंटे पहले
दो दिन तक दवा खाकर सोता रहा पति, विरोध पर ससुर बोला- हम संवारेंगे जिंदगी

शाहपुर क्षेत्र में विवाह जैसे पवित्र रिश्ते को छल और धोखाधड़ी का माध्यम बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देवरिया की रहने वाली 30 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि उससे मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की बीमारी छिपाकर शादी कराई गई। विवाह के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो पति लगातार दो दिनों तक दवाइयों के प्रभाव में बेहोशी जैसी हालत में सोता रहा। सच्चाई सामने आने पर जब युवती ने सवाल उठाए तो उसे न केवल प्रताड़ित किया गया, बल्कि घर से निकालने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार 21 नवंबर 2025 को शाहपुर क्षेत्र के एक युवक के साथ उसकी शादी हिंदू रीति-रिवाजों से संपन्न हुई थी। विवाह समारोह एक मैरिज हॉल में आयोजित किया गया था। जहां लड़की पक्ष ने दहेज में लाखों रुपये की नकदी, कीमती आभूषण और घरेलू सामान दिया था। युवती का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के अगले ही दिन उसके पति ने कुछ दवाइयां खाईं। फिर लगातार दो दिन तक बिस्तर से नहीं उठे। इस पर जब उसने सास से जानकारी मांगी तो उसे घबराहट की दवा बताकर टाल दिया गया।

डॉक्टर ने बताया मानसिक बीमारी का सच

संदेह होने पर युवती ने चुपचाप दवाइयों के पर्चे की तस्वीर लेकर एक परिचित डॉक्टर को भेजी। डॉक्टर से मिली जानकारी ने उसके पैरों तले जमीन खिसका दी। उसे पता चला कि उसका पति लंबे समय से मानसिक बीमारी का उपचार करा रहा है। नियमित रूप से मनोचिकित्सकीय दवाइयां लेता है। युवती का आरोप है कि यह गंभीर तथ्य जानबूझकर उससे और उसके परिवार से छिपाया गया।

इलाज के नाम पर मांगे तीन लाख रुपये

पीड़िता का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद सास-ससुर ने बेटे के इलाज के लिए तीन लाख रुपये की मांग भी रख दी। जब उसने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि उसके साथ धोखा किया गया है। तब परिवार के लोग भड़क गए। युवती के मुताबिक उसके ससुर ने कहा, "अगर लड़का अनफिट है तो क्या हुआ, हम हैं ना... तुम्हारी जिंदगी संवर जाएगी।" इसके बाद विरोध करने पर उसे अपशब्द कहे गए। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर 18 जनवरी 2026 को युवती के परिजन ससुराल पहुंचे। लेकिन वहां विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने न केवल विवाह में मिले जेवर, नकदी और अन्य सामान लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही युवती को घर से बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं, पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

महिला आयोग से लेकर सीएम पोर्टल तक पहुंची शिकायत

न्याय की तलाश में पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल, महिला आयोग और एसएसपी गोरखपुर से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर शाहपुर थाने में पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब विवाह से जुड़े दस्तावेजों, चिकित्सकीय अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, इस घटना ने विवाह के नाम पर बढ़ते धोखाधड़ी के मामलों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।