गोरखपुर में पति की मौत के मामले में पत्नी अरेस्ट: सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप, जन्मदिन के अगले ही दिन मिला था शव

गोरखपुर|1 घंटा पहले
सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप, जन्मदिन के अगले ही दिन मिला था शव

पिपराइच क्षेत्र में डीजे संचालक पंकज कुमार निषाद की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी प्रतिमा साहनी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। परिजनों की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच मोबाइल चैट, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पिपराइच के ककरहिया गांव निवासी ब्रह्मदेव निषाद के बड़े बेटे पंकज निषाद (30) की शादी इसी वर्ष छह फरवरी को पीपीगंज क्षेत्र के जसवल ग्राम साखी निवासी महेंद्र साहनी की बेटी प्रतिमा साहनी से हुई थी। पंकज डीजे संचालन का कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद रहने लगा था। पंकज को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का संदेह था। इससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।

पुलिस के साथ भी हुई थी धक्का-मुक्की

चार जुलाई को पंकज ने दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। देर रात घर लौटने पर उसने पत्नी को मोबाइल पर किसी से चैट करते देखा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। अगले दिन पांच जुलाई की सुबह करीब 11 बजे पंकज का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने पत्नी पर हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसे भीड़ से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान शव पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने का विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसमें कांस्टेबल सुनील यादव और कांस्टेबल इम्तियाज अहमद घायल हो गए।

आखिरी स्टेटस ने खींचा जांच का केंद्र

पुलिस के अनुसार पंकज ने आत्महत्या से पहले सुबह 10 बजे से 10:50 बजे के बीच कई भावुक सोशल मीडिया स्टेटस लगाए थे। एक संदेश में उसने लिखा था कि वह काफी तकलीफ में है और यदि कोई गलत कदम उठा ले तो उसके लिए दुखी न हों। उसने जन्मदिन के केक की तस्वीर और पिता की फोटो भी साझा की। सुबह 10:49 बजे उसने अंतिम स्टेटस में "राम-राम सभी लोगों को" लिखा। इसके कुछ देर बाद उसने फंदा लगा लिया।

रात में भी हुआ था विवाद

पंकज के भाई प्रमोद निषाद ने बताया कि शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे, जिससे उसका भाई मानसिक रूप से परेशान रहता था। पड़ोसी अनिल ने भी बताया कि जन्मदिन की शाम दोस्तों के साथ समय बिताने के बाद पंकज घर लौटा था, जहां रात में फिर विवाद हुआ। पिता ब्रह्मदेव निषाद ने कहा कि पंकज परिवार का सबसे बड़ा सहारा था और वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच के बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।