स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार: एक सप्ताह की निगरानी के बाद पुलिस ने की कार्रवाई, पांच युवतियां कराई गईं मुक्त

शहर के तारामंडल क्षेत्र स्थित बुद्धनगर में स्पा सेंटर की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का रामगढ़ताल पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की विशेष कार्रवाई के दौरान पांच युवतियों को मुक्त कराया गया। जबकि एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर फरार संचालक की तलाश तेज कर दी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार करीब एक सप्ताह पूर्व सूचना मिली थी कि बुद्धनगर स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज और वेलनेस सेवाओं की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शुरुआती जांच में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण पुलिस ने गुप्त निगरानी जारी रखी। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ग्राहक बनकर स्पा सेंटर में प्रवेश किया और मौके पर छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया।
महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान धर्मशाला बाजार निवासी विक्की वर्मा, मूल रूप से चंडीगढ़ निवासी तथा वर्तमान में पैडलेगंज में रहने वाले मंदीप सिंह और पादरी बाजार निवासी रिंकी लता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
कई जिलों की युवतियां मिलीं
कार्रवाई के दौरान जिन पांच युवतियों को मुक्त कराया गया। वे दिल्ली, गाजीपुर, मिर्जापुर और गोरखपुर की रहने वाली बताई गई हैं। जांच में सामने आया कि सभी युवतियां शहर के अलग-अलग किराये के मकानों में रह रही थीं। पुलिस ने उनके बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की है।
नौकरी और बेहतर आय का दिया गया था लालच
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि युवतियों को अच्छी नौकरी और अधिक कमाई का लालच देकर स्पा सेंटर से जोड़ा गया था। कुछ युवतियों ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन विज्ञापनों के माध्यम से स्पा सेंटर में नौकरी के अवसर देखे थे। जिसके बाद उनसे संपर्क किया गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि भर्ती और संचालन का पूरा तंत्र किस तरह काम कर रहा था।
फरार संचालक की तलाश जारी
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार स्पा संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि संचालक के पकड़े जाने के बाद इस नेटवर्क के विस्तार, आर्थिक लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच के आधार पर आगे और भी कार्रवाई की जा सकती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









