पंचायत चुनाव की मतदाता सूची तैयार: 5.64 लाख नाम हटे, 29.63 लाख मतदाता करेंगे मतदान

गोरखपुर|09 जून 2026
5.64 लाख नाम हटे, 29.63 लाख मतदाता करेंगे मतदान

आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की ओर से अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 जून को किया जाएगा। पुनरीक्षण अभियान के दौरान व्यापक सत्यापन और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान के बाद जिले में पांच लाख 64 हजार से अधिक नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इसके साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। अंतिम सूची में कुल 29 लाख 63 हजार 142 मतदाता शामिल होंगे।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, पुनरीक्षण अभियान के दौरान लगभग छह लाख तीन हजार नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे युवा शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी की है और पहली बार मतदान का अधिकार प्राप्त किया है। अंतिम सूची का प्रकाशन जिला मुख्यालय और सभी ब्लॉक कार्यालयों पर किया जाएगा। इसके साथ ही बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाता सूची का सामूहिक वाचन भी कराया जाएगा।

डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान के लिए चला विशेष अभियान

राज्य निर्वाचन आयोग ने संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान के लिए विशेष सॉफ्टवेयर का उपयोग किया। नाम, पिता के नाम, आयु और लिंग जैसे आधारों पर तैयार सूची का घर-घर जाकर सत्यापन कराया गया। पहले चरण में 12.37 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सर्वेक्षण किया गया। जिसमें लगभग 1.26 लाख नाम डुप्लीकेट पाए गए। उन्हें सूची से हटा दिया गया। इसके बाद दूसरे चरण में 11.33 लाख संभावित मतदाताओं का पुनः सत्यापन कराया गया। इस दौरान 26,941 और डुप्लीकेट नाम चिन्हित किए गए। इससे पहले ब्लॉक स्तर पर किए गए सत्यापन अभियान में भी लगभग 1.51 लाख नाम सूची से हटाए गए थे।

नए मतदाताओं को मिला मौका

पुनरीक्षण अभियान के दौरान डोर-टू-डोर सत्यापन में 4.58 लाख नए मतदाता जोड़े गए। जबकि दावा और आपत्ति प्रक्रिया के दौरान करीब 1.45 लाख अतिरिक्त नाम सूची में शामिल किए गए। अधिकारियों का कहना है कि अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद भी पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने का एक और अवसर दिया जाएगा। निर्वाचन विभाग का मानना है कि व्यापक सत्यापन और तकनीकी जांच के बाद तैयार की गई यह सूची पंचायत चुनावों को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।