होली पर मिलावटखोरों की नकेल कसने की तैयारी: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार कर रही छापेमारी, बिजनौर स्वीट्स से जब्त किया 350 किलो सोनपापड़ी व लड्डू

होली के त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अलर्ट हो गई है। मिलावटी मिठाई, खोया और अन्य खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में शुक्रवार को तारामंडल स्थित बिजनौर स्वीट्स पर छापा मारा गया। यहां 350 किलोग्राम सोनपापड़ी व लड्डू जब्त किया गया। इन मिठाइयों पर फफूंद लगी थी। इसे होली पर बेचने की तैयारी थी, टीम ने तत्काल इसे नष्ट करा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों से ग्रीन चिली सॉस, खोवा बर्फी, सोनपापड़ी व बेसन के नमूने लिए।
विभिन्न दुकानों से इकट्ठा किए नमूने
सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया किखाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया। तारामंडल क्षेत्र में बिजनौर स्वीट्स की मिठाई निर्माण यूनिट की जांच की गई तो कई अनियमितता मिली। यहां पहले से निर्मित सोनपापड़ी और लड्डू की जांच की गई तो फफूंद लगी मिली। संचालक को चेतावनी दी गई है कि शुद्ध और ताजा खाद्य पदार्थ ही बेचें। ऐसा न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यहां से सोनपापड़ी का नमूना लिया गया। निजामपुर में अंशिका उद्योग से ग्रीन चिली सॉस का नमूना लिया गया। पैडलेगंज में शिवकृपा स्वीट्स से खोवा बर्फी, मोहद्दीपुर से बेसन का नमूना लिया गया। सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बसों से खोया मंगाने की संभावना में की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाहर से मिलावटी मिठाई, खोया या अन्य खाद्य पदार्थ मंगाए जाने की आशंका में शुक्रवार को एयरफोर्स के पास बने स्टैंड में वाहनों की जांच की। इसके साथ ही नौसढ़ के स्टैंड पर भी नजर रखी जा रही है। पिछले वर्ष ट्रेन से खोया मंगाने की पुष्टि के बाद इस बार भी विभाग की टीम सक्रिय है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










