महिला रेलकर्मी ने पति पर लगाया अश्लील वीडियो बनाने का आरोप: वाशरूम से निकलते समय बनाया वीडियो, वायरल करने की दी धमकी; FIR दर्ज

जिले के रामगढ़ ताल थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला रेलकर्मी ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके पति ने वाशरूम से निकलते समय उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली और अब उसे वायरल करने की धमकी देता है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पति लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। महिला रेलवे में नौकरी करती है और परिवार का खर्च भी वही उठाती है। महिला के अनुसार, कुछ समय पहले उसके पति ने वाशरूम से बाहर निकलते समय उसकी अश्लील वीडियो बना ली। अब वह उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति उसे जबरन गलत हरकतें करने के लिए दबाव बनाता है और वीडियो रिकॉर्ड कर पोस्ट करने की बात कहता है।
सैलरी छीनने और मारपीट का आरोप
महिला ने कहा कि उसका पति उसकी पूरी सैलरी जबरदस्ती ले लेता है। उसे अपने पास एक भी रुपया रखने नहीं देता। जबकि घर का खर्च उसी की कमाई से चलता है। उसने बताया कि पति अक्सर छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करता है। कभी खाने को लेकर, कभी सफाई को लेकर तो कभी बिना वजह गाली-गलौज करता है। पीड़िता का आरोप है कि पति का कई लड़कियों के साथ अफेयर है। वह उन्हें घर भी लाता है और उनके सामने उसे बेइज्जत करता है।
शराब पीकर किया हमला
महिला ने बताया कि मंगलवार रात आरोपी शराब पीकर घर पहुंचा। इसके बाद उसने बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और बेरहमी से पीटा। मारपीट में महिला घायल हो गई। आरोपी ने शिकायत करने पर हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद महिला काफी डरी हुई है। उसने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की भूमिका और महिला के आरोपों की जांच कर रही है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की भी पड़ताल की जाएगी। मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। महिला संगठनों ने भी पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










