हमसफर एक्सप्रेस में विजिलेंस का छापा: मौके से फरार टीटीई निलंबित, दो अन्य के खिलाफ जांच शुरू

गोरखपुर|2 घंटे पहले
मौके से फरार टीटीई निलंबित, दो अन्य के खिलाफ जांच शुरू

आनंद विहार से गोरखपुर आने वाली हमसफर एक्सप्रेस में विजिलेंस की छापेमारी के दौरान एक टीटीई के फरार होने का मामला सामने आया है। विजिलेंस टीम की जांच और कैश मिलान के दौरान संबंधित टीटीई मौके से गायब हो गया। जांच में उसके कैश से निर्धारित राशि की तुलना में करीब 11,500 रुपये अधिक पाए गए। मामले को गंभीर मानते हुए विजिलेंस अधिकारियों ने मौके पर ही उसके निलंबन की संस्तुति कर दी। रेलवे प्रशासन ने विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर के विजिलेंस अधिकारियों को पिछले कई सप्ताह से हमसफर एक्सप्रेस सहित कुछ प्रमुख ट्रेनों में टिकट जांच कर्मचारियों की कथित मनमानी की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि कुछ टीटीई सीट और बर्थ आवंटन के नाम पर यात्रियों से अतिरिक्त धनराशि वसूल रहे हैं। शिकायतों में यह भी कहा गया था कि कुछ यात्रियों को पेनाल्टी और टिकट की रसीद जारी कर दी जाती है। वहीं, कई मामलों में अनधिकृत यात्रियों को पैसे लेकर सीटें उपलब्ध करा दी जाती हैं। इससे वैध टिकट और आरएसी वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है।

निर्धारित राशि से अधिक मिली नकदी

शिकायतों के सत्यापन के लिए विजिलेंस टीम को आनंद विहार से गोरखपुर पहुंची हमसफर एक्सप्रेस में विशेष जांच के निर्देश दिए गए थे। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर जैसे ही छापेमारी शुरू हुई। ट्रेन में तैनात टिकट जांच कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। इसी दौरान एक टीटीई फरार हो गया। जांच में उसके अलावा साथ ड्यूटी कर रहे दो अन्य टिकट चेकिंग स्टाफ के पास भी निर्धारित राशि से अधिक नकदी मिली है। रेलवे प्रशासन ने तीनों कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विजिलेंस की इस कार्रवाई की चर्चा पूरे रेलवे महकमे में बनी हुई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।