रामगढ़ताल में सजेगा रोइंग का महाकुंभ: कल से शुरू होंगी नेशनल चैंपियनशिप मुकाबले, 17 मई से जूनियर चैंपियनशिप शुरू

गोरखपुर|11 मई 2026
कल से शुरू होंगी नेशनल चैंपियनशिप मुकाबले, 17 मई से जूनियर चैंपियनशिप शुरू

शहर का रामगढ़ताल अब देश के बड़े वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर के रूप में उभर रहा है। शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिताओं का आयोजन होने जा रहा। 12 मई से यहां ‘अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग’ शुरू होगी। इसके साथ ही ‘46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप’ का भी आयोजन होगा। यह खेल महोत्सव 21 मई तक चलेगा। अगले दस दिनों तक रामगढ़ताल में देशभर के खिलाड़ी जुटेंगे। झील के किनारे खेल और रोमांच का शानदार माहौल दिखेगा। प्रतियोगिताओं को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल को इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के हिसाब से तैयार किया गया। खिलाड़ियों के रहने और खाने का खास इंतजाम हुआ। सुरक्षा व्यवस्था भी हाई अलर्ट मोड पर रखी गई। आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मुकाबले देखने पहुंचेंगे। प्रशासन और खेल विभाग लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता गोरखपुर के लिए ऐतिहासिक साबित होगी। इससे शहर की नई पहचान बनेगी। साथ ही पर्यटन और खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग का आयोजन 12 से 16 मई तक चलेगा। वहीं 13 मई को प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन होगा। इस दौरान अंडर-15, अंडर-19 और ओपन कैटेगरी में मुकाबले होंगे। सभी रेस 1000 मीटर दूरी में आयोजित की जाएंगी। खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। आयोजकों ने विजेता टीमों के लिए आकर्षक इनाम भी घोषित किया। हर कैटेगरी में पहले स्थान पर आने वाली टीम को ₹1,55,500 दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में देशभर की महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। कई इंटरनेशनल स्तर की खिलाड़ी भी मैदान में उतरेंगी। रामगढ़ताल का ट्रैक अब पूरी तरह तैयार दिख रहा। झील में रोइंग लेन बनाई गई हैं। टेक्निकल टीम लगातार ट्रायल कर रही है। खिलाड़ियों के अभ्यास सत्र भी शुरू हो चुके हैं। सुबह और शाम ताल में रेसिंग बोट्स दौड़ती दिख रही हैं। स्थानीय लोग भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं। खेल विभाग का मानना है कि यह आयोजन महिला खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बनेगा। इससे नई प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी।

मिशन जापान-2026 की तैयारी तेज

रामगढ़ताल सिर्फ प्रतियोगिता का केंद्र नहीं बना है। यहां भारतीय महिला रोइंग टीम का ट्रेनिंग कैंप भी चल रहा। यह कैंप 27 मार्च से जारी है। कैंप का उद्देश्य 2026 एशियन गेम्स की तैयारी माना जा रहा। इसे ‘मिशन जापान-2026’ नाम दिया गया है। देश की कई शीर्ष महिला खिलाड़ी यहां ट्रेनिंग ले रही हैं। कोच और फिटनेस एक्सपर्ट लगातार खिलाड़ियों पर नजर रख रहे। खिलाड़ियों के लिए मॉडर्न फिटनेस और रिकवरी सिस्टम लगाया गया। वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को भी हाईटेक सुविधाओं से लैस किया गया। खिलाड़ियों को इंटरनेशनल माहौल देने की कोशिश हो रही। उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा पर खास फोकस रखा गया है। मेडिकल टीम और रेस्क्यू बोट्स भी तैनात रहेंगी। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और SAI भी आयोजन में सहयोग कर रहे हैं। यूपी खेल विभाग लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए कई टीमें काम कर रही हैं।

देशभर से आएंगी टीमें और खिलाड़ी

महिला रोइंग लीग खत्म होने के तुरंत बाद जूनियर नेशनल चैंपियनशिप शुरू होगी। यह प्रतियोगिता 17 मई से 21 मई तक चलेगी। इसमें देश के कई राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी भी मुकाबलों में उतरेंगे। चैंपियनशिप में बालक और बालिका दोनों वर्ग शामिल रहेंगे। पांच अलग-अलग इवेंट आयोजित किए जाएंगे। सभी मुकाबले 2000 मीटर दूरी में होंगे। खिलाड़ियों का आगमन 16 और 17 मई को शुरू होगा। 18 मई को प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। वहीं 21 मई को फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। खेल प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने मिलेंगे। आयोजन से गोरखपुर की खेल पहचान और मजबूत होगी। रामगढ़ताल अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया है। आने वाले समय में यहां और बड़े आयोजन होने की उम्मीद बढ़ गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।