संभल एसपी बनकर फेसबुक पर साइबर फ्रॉड: व्यापारी से 85 हजार ऐंठने का प्रयास, पुराना फर्नीचर बेचने के नाम पर झांसा

गोरखपुर|1 घंटा पहले
व्यापारी से 85 हजार ऐंठने का प्रयास, पुराना फर्नीचर बेचने के नाम पर झांसा

शहर में साइबर जालसाजों ने इस बार संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल कर ठगी का प्रयास किया। फर्जी फेसबुक आईडी से एक व्यापारी को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। भरोसा जीतने के बाद पुराने फर्नीचर की खरीद के नाम पर 85 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। व्यापारी की सतर्कता से ठगी की कोशिश नाकाम हो गई।

जानकारी के अनुसार, चैंबर ऑफ टेक्सटाइल्स के अध्यक्ष राजेश नेभानी के फेसबुक अकाउंट पर संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद मैसेंजर पर बातचीत शुरू हुई। सामने वाले ने खुद को एसपी बताते हुए कहा कि उनका एक परिचित सेना अधिकारी गोरखपुर से स्थानांतरित हो रहा है। वह अपना फर्नीचर और घरेलू सामान कम कीमत पर बेचना चाहता है। इसके बाद व्यापारी को संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर देकर संपर्क करने के लिए कहा गया।

85 हजार रुपये मांगते ही हुआ शक

कुछ देर बाद राजेश नेभानी के पास दूसरे नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम संतोष कुमार बताते हुए खुद को सेना का अधिकारी बताया। उसने सोफा और बेड सहित कुछ फर्नीचर की तस्वीरें भेजीं और सामान खरीदने के लिए पहले 85 हजार रुपये ऑनलाइन जमा करने की मांग की। भुगतान के बाद सामान उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया। रकम जमा कराने की बात सामने आते ही व्यापारी को संदेह हुआ। उन्होंने सीधे संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई से संपर्क कर पूरे मामले की पुष्टि की।

एसपी ने बताया- फर्जी है फेसबुक अकाउंट

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि उनके नाम से बनाई गई फेसबुक आईडी पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी इसी फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी का प्रयास कर रहे हैं। व्यापारी की सतर्कता से बड़ी साइबर ठगी टल गई। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अधिकारी या परिचित के नाम से आने वाली संदिग्ध फ्रेंड रिक्वेस्ट और रुपये मांगने वाले संदेशों की पहले सत्यता अवश्य जांच लें।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।