गोरखपुर में सरस्वती शिशु मंदिर में शपथ ग्रहण समारोह: 55 छात्र चुने गए सांसद, कुलपति ने दिलाई शपथ

सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुभाष चंद्र बोस नगर में गुरुवार को शिशु भारती एवं छात्र संसद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि एमएमएमयूटी की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अनुशासन सफलता का मूल मंत्र है और निरंतर परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। विद्यार्थियों को राष्ट्रहित की भावना से दायित्व निभाने, माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने तथा ली गई शपथ का ईमानदारी से पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के विचारों को अपनाने की भी अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति के मंत्री डॉ. अश्वनी कुमार वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यवहारिक शिक्षा, राष्ट्रीय संस्कार और नेतृत्व क्षमता का भी विकास किया जाता है। प्रधानाचार्य राजीव कुमार श्रीवास्तव ने छात्र संसद की अवधारणा पर प्रकाश डाला।
अनिकेत बने प्रधानमंत्री
विद्यालय में प्रत्येक कक्षा से दो-दो विद्यार्थियों के चयन के बाद कुल 55 छात्र सांसद चुने गए। इनमें अनिकेत मिश्र को प्रधानमंत्री तथा अंतरिक्ष राय और सूर्य प्रकाश पांडेय को उपप्रधानमंत्री चुना गया। प्राथमिक वर्ग में भी शिशु भारती का गठन किया गया। छात्र मंत्रिमंडल में 15 मंत्री और 15 उपमंत्रियों का चयन हुआ। कार्यक्रम का संचालन आचार्य अनुराग ने
किया।











