चौरी चौरा में शादी का झांसा देकर छह माह तक किया शोषण: युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपी युवक को पुलिस ने दबोचा

चौरी चौरा थाना क्षेत्र में एक युवती ने पड़ोसी गांव के युवक पर शादी का झांसा देकर छह माह तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने गांव से सटे गांव के एक स्कूल में पढ़ाई करती थी। इसी दौरान आते-जाते उसकी पहचान उसी गांव के एक युवक से हुई। आरोप है कि युवक ने प्रेम संबंध बनाकर शादी का भरोसा दिया और बड़े-बड़े सपने दिखाए। युवती का कहना है कि इसी विश्वास में आरोपी ने छह माह तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब भी वह शादी की बात करती, युवक कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था। अब उसने शादी से साफ इनकार कर दिया।
साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पीड़िता ने चौरी चौरा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने देर रात सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









