गोरखपुर से शुरू होगा विशेष रेल टूर: 10 दिन में होंगे चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन, सावन में श्रद्धालुओं को मिलेगा बड़ा अवसर

गोरखपुर|1 घंटा पहले
10 दिन में होंगे चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन, सावन में श्रद्धालुओं को मिलेगा बड़ा अवसर

सावन के दौरान धार्मिक यात्रा की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। आईआरसीटीसी गोरखपुर जंक्शन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन का संचालन करने जा रहा है। इस विशेष टूर पैकेज के माध्यम से यात्री एक ही यात्रा में देश के चार प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने के साथ द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारिका और दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण भी कर सकेंगे। पहली ट्रेन 31 जुलाई और दूसरी 17 अगस्त को रवाना होगी। दोनों यात्राओं के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई है।

आईआरसीटीसी के अनुसार, 17 अगस्त से शुरू होने वाला टूर 26 अगस्त तक चलेगा। नौ रात और दस दिन की इस यात्रा में श्रद्धालु उज्जैन स्थित महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के अलावा गुजरात के नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। पैकेज में द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारिका, सिग्नेचर ब्रिज तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण भी शामिल किया गया है। इससे यात्रियों को धार्मिक और पर्यटन दोनों तरह का अनुभव एक साथ मिलेगा।

तीन श्रेणियों में पैकेज

आईआरसीटीसी के एजीएम वायु नंदन शुक्ला ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए तीन अलग-अलग श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध कराया गया है। इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर) का किराया 18,380 रुपये, स्टैंडर्ड श्रेणी (एसी-3) का 29,570 रुपये तथा कम्फर्ट श्रेणी (एसी-2) का 38,870 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक यात्री बैंक की ईएमआई सुविधा के माध्यम से भी इस टूर पैकेज की बुकिंग करा सकते हैं।

पूर्वांचल के कई स्टेशनों से मिलेगी बोर्डिंग सुविधा

इस विशेष ट्रेन में गोरखपुर के अलावा मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर रेलवे स्टेशन से भी चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे पूर्वांचल और आसपास के जिलों के श्रद्धालु अपने नजदीकी स्टेशन से यात्रा शुरू कर सकेंगे।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से होगी बुकिंग

आईआरसीटीसी ने बताया कि टूर पैकेज की बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है। इसके अलावा गोरखपुर सहित मार्ग के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यात्रा से जुड़ी जानकारी और आरक्षण के लिए यात्री आईआरसीटीसी के हेल्पलाइन नंबरों 9236391923, 9236391908, 8287930908, 9236391925, 8303555714, 8287930926 और 9415042930 पर संपर्क कर सकते हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।