गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल ट्रेन चलेगी रोजाना: सावन में बाबा धाम जाने वालों को राहत, 30 जुलाई से शुरू होगा संचालन

सावन मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने गोरखपुर और आसनसोल के बीच अनारक्षित सावन मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए शुरू की जा रही यह विशेष ट्रेन पूर्वांचल के हजारों यात्रियों को राहत देगी। इससे गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती और संतकबीरनगर के श्रद्धालुओं को बिना आरक्षण यात्रा का विकल्प मिलेगा।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 03528 गोरखपुर-आसनसोल अनारक्षित सावन मेला स्पेशल 30 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन शाम 4:05 बजे गोरखपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:20 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 03527 आसनसोल-गोरखपुर स्पेशल 29 जुलाई से 29 अगस्त तक रोजाना संचालित होगी और अगले दिन सुबह 11 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन में लगाए जाएंगे 22 अनारक्षित कोच
रेलवे ने बताया कि स्पेशल ट्रेन में 22 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक यात्री सफर कर सकें। श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम और अन्य धार्मिक स्थलों के लिए यात्रियों की भीड़ बढ़ने के कारण यह ट्रेन नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने में भी मददगार होगी। रेलवे को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।











