स्टेडियम निर्माण में सुस्ती पर खेल निदेशक सख्त: अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले- अक्टूबर तक हर हाल में पूरा हो काम

शहर में खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार अब सवालों के घेरे में आ गई है। बुधवार को डॉ. आरपी सिंह ने रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम और निर्माणाधीन इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कार्यों की धीमी प्रगति देखकर खेल निदेशक नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी काम तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं देने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खेल निदेशक ने रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, कार्यालय भवन, सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, जल निकासी नाली और सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कई जगहों पर काम की गति धीमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी निर्माण कार्यों को हाई प्रायोरिटी पर पूरा किया जाए।
अक्टूबर तक पूरा करने का अल्टीमेटम
खेल निदेशक ने साफ कहा कि सभी निर्माण कार्य इस साल अक्टूबर तक हर हाल में पूरे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। हर काम तय मानकों के अनुसार किया जाए। डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि अगर समय से काम पूरा हो गया तो मुख्यमंत्री स्तर से स्टेडियम का लोकार्पण कराया जा सकता है। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वांचल के खिलाड़ियों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर देना सरकार की प्राथमिकता है।
तालनदोर में बन रहे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण
खेल निदेशक इसके बाद तालनदोर में निर्माणाधीन इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। यह स्टेडियम गोरखपुर के लिए एक ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जानकारी दी। खेल निदेशक ने स्टेडियम के डिजाइन, फाउंडेशन और अन्य सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की।
नेशनल हाईवे से ऊंचा होगा स्टेडियम का फाउंडेशन
निरीक्षण के दौरान खेल निदेशक ने खास तौर पर स्टेडियम के फाउंडेशन एरिया को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम का बेस लेवल नेशनल हाईवे से ऊंचा होना चाहिए ताकि बारिश या जलभराव जैसी समस्या भविष्य में न हो। इसके अलावा पार्किंग, दर्शक दीर्घा, एंट्री-एग्जिट सिस्टम और खिलाड़ियों की सुविधाओं को भी आधुनिक मानकों के अनुसार विकसित करने के निर्देश दिए गए।
गोरखपुर में इंटरनेशनल मैचों का रास्ता होगा साफ
अधिकारियों के अनुसार इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पूरा होने के बाद गोरखपुर में बड़े क्रिकेट मैचों के आयोजन का रास्ता खुल जाएगा। इससे पूर्वांचल के क्रिकेट खिलाड़ियों को भी बड़ा प्लेटफॉर्म मिलेगा। खेल एक्सपर्टस का मानना है कि अगर यह प्रोजेक्ट समय से पूरा हो गया तो गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश का बड़ा स्पोर्ट्स हब बन सकता है।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे कई अधिकारी
निरीक्षण के दौरान राजकीय निर्माण निगम, लोक निर्माण विभाग और खेल विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। आले हैदर भी मौके पर मौजूद रहे और निर्माण कार्यों की जानकारी दी। खेल निदेशक ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










