SSC GD परीक्षा में अव्यवस्था पर भड़के छात्र: सेंटर पर एंट्री न मिलने से सड़क पर उतरे अभ्यर्थी, री-शेड्यूल किया जाएगा एग्जाम

गोरखपुर|1 घंटा पहले
सेंटर पर एंट्री न मिलने से सड़क पर उतरे अभ्यर्थी, री-शेड्यूल किया जाएगा एग्जाम

जिले में एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। शहर के सेंट एंड्रयूज कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पहुंचे 100 से अधिक अभ्यर्थियों को एंट्री नहीं मिलने पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते कॉलेज परिसर के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई और नाराज छात्र सड़क पर उतर आए। अभ्यर्थियों ने शास्त्री चौक से अंबेडकर चौक जाने वाले मार्ग पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन अभ्यर्थी परीक्षा उसी शिफ्ट में कराए जाने की मांग पर अड़े रहे।

छात्रों का आरोप था कि उनके पास वैध एडमिट कार्ड होने के बावजूद उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। कई अभ्यर्थियों ने दावा किया कि कॉलेज प्रशासन ने सीट कम होने का हवाला देकर उन्हें बाहर रोक दिया। अभ्यर्थी विशाल यादव ने कहा कि यदि परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सीटें नहीं थीं तो एडमिट कार्ड जारी ही क्यों किए गए। उन्होंने बताया कि उनके जैसे बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। छात्रों का कहना था कि यह लापरवाही सीधे तौर पर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

एंट्री न मिलने पर रो पड़ी छात्रा

घटना के दौरान कई छात्र भावुक भी नजर आए। पादरी बाजार से परीक्षा देने पहुंची कविता साहनी रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि वह सुबह से तैयारी कर सीधे परीक्षा केंद्र पहुंची थीं, लेकिन यहां आने के बाद उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया। छात्रा ने कहा कि प्रशासन और परीक्षा कराने वाली एजेंसी को यह समझना चाहिए कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए छात्र कितनी मेहनत और मानसिक दबाव से गुजरते हैं। वहीं अन्य छात्रों ने आरोप लगाया कि लाइन में उनके आगे खड़े कई अभ्यर्थियों को प्रवेश मिल गया, जबकि बाद में यह कहकर रोक दिया गया कि सीटें भर चुकी हैं।

परीक्षा संचालन में समन्वय की कमी

एंट्री न मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने कॉलेज गेट के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां जाम जैसी स्थिति बन गई। हालांकि प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला अस्पताल की ओर जा रही एंबुलेंस को तुरंत रास्ता दिया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि जब परीक्षा एसएससी द्वारा आयोजित की जा रही है तो केंद्र प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा छात्रों को क्यों भुगतना पड़ रहा है। उनका आरोप था कि परीक्षा संचालन में समन्वय की भारी कमी दिखाई दी।

हंगामे के बाद जारी किया गया नोटिस

बढ़ते विवाद के बाद परीक्षा संचालित करने वाली संस्था और कॉलेज प्रशासन की ओर से गेट के बाहर एक नोटिस चस्पा किया गया। नोटिस में बताया गया कि 25 मई की तीसरी शिफ्ट में जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा तकनीकी कारणों से नहीं हो सकी है, उनका एग्जाम एक या दो दिन के भीतर री-शेड्यूल किया जाएगा। छात्रों से कहा गया कि वे एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट से दोबारा एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और अपने वर्तमान एडमिट कार्ड जमा कर दें। हालांकि इस आश्वासन के बावजूद कई छात्र नाराज दिखाई दिए और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।