फेल होने की झूठी सूचना बनी जानलेवा: पास होने के बावजूद छात्रा ने गंवाई जान, अस्पताल जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

गोरखपुर|17 अप्रैल 2026
पास होने के बावजूद छात्रा ने गंवाई जान, अस्पताल जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां 10वीं की छात्रा ने फेल होने की गलत सूचना मिलने पर जहर खा लिया। बाद में पास होने की खबर मिलने के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा नगर पंचायत स्थित एक सीबीएसई स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा थी। बुधवार को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद किसी ने उसे गलत सूचना दी कि वह फेल हो गई है। इस खबर से आहत होकर उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।

कुछ देर बाद मिली पास होने की सही जानकारी

कुछ समय बाद उसके भाई ने फोन कर बताया कि वह 78 प्रतिशत अंकों के साथ पास हो गई है। यह सुनकर छात्रा ने अपनी दादी को जहर खाने की बात बताई। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत

गंभीर हालत होने के कारण उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पिता शव को घर ले आए और कुछ समय तक इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। मां के घर पहुंचने पर जब सच्चाई सामने आई तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।

बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय छात्रा जहर के असर से तड़प रही थी और बार-बार कह रही थी, “मुझे बचा लीजिए, मैं जीना चाहती हूं।” यह सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

समय पर इलाज होने से बच सकती थी जान

छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि यदि समय पर इलाज मिल जाता तो उसकी बेटी की जान बच सकती थी। उन्होंने कहा कि जहर खाने की जानकारी मिलने के बावजूद अस्पताल ले जाने में देरी हुई, जो इस दुखद घटना का बड़ा कारण बनी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।