गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी संग टाटा संस के चेयरमैन ने की पूजा: नाथपंथ की परंपरा से हुए परिचित, मंदिर परिसर का किया भ्रमण

गोरखपुर शहर में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने बुधवार को योगी आदित्यनाथ के साथ गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एन. चंद्रशेखरन को दर्शन-पूजन कराने के बाद मंदिर परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया। उन्होंने नाथपंथ की परंपरा, उसके इतिहास और इसके महान संतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वैदिक विधि से हुआ पूजन, मिला प्रसाद
मंदिर में गोरखनाथ पीठ के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान एन. चंद्रशेखरन को ‘शिवगोरक्ष’ नामांकित अंगवस्त्र और मंदिर का प्रसाद भेंट किया गया।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे
टाटा संस चेयरमैन गोरखपुर में महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में स्थापित पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ गोरखनाथ मंदिर का भी दौरा किया।
नाथपंथ के इतिहास से हुए अवगत
मंदिर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें नाथपंथ के प्रवर्तक महायोगी गुरु गोरखनाथ के जीवन दर्शन, उनके योगदान और इस परंपरा के विस्तार-प्रसार के बारे में विस्तार से बताया। इसके बाद एन. चंद्रशेखरन गोरक्षपीठ की ओर से आयोजित दोपहर भोज में भी शामिल हुए।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










