सहजनवां थाने से चोरी का आरोपी फरार: लापरवाही पर दीवान सस्पेंड, ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़कर पुलिस को सौंपा था चोर

गोरखपुर|19 मई 2026
लापरवाही पर दीवान सस्पेंड, ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़कर पुलिस को सौंपा था चोर

सहजनवां थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से चोरी के आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने चोर को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस को सौंपा था। आरोपी थाने से ही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहजनवां थाने के दीवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच एसपी नॉर्थ को सौंप दी गई है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सहजनवां थाना क्षेत्र के डोहरिया कला गांव के टोला बिकुरहा में चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। देर रात चार चोर गांव में पहुंचे और अलग-अलग घरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। सबसे पहले चोरों ने ईश्वर चौरसिया के घर में घुसकर मोबाइल फोन चोरी किया। इसके बाद उन्होंने वीरेंद्र के मकान में प्रवेश कर वहां से भी मोबाइल उड़ा लिया। चोरों का आतंक यहीं नहीं रुका और उन्होंने छैल चौरसिया के घर में घुसकर सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद वे दिनेश चौरसिया के मकान में चोरी की कोशिश कर रहे थे कि तभी घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया।

मोबाइल की घंटी बनी चोर के पकड़े जाने की वजह

पहले घर में चोरी हुए मोबाइल के मालिक की अचानक नींद खुल गई। जब उसने परिजनों के फोन से अपने मोबाइल नंबर पर कॉल किया तो पास के एक मकान से मोबाइल की रिंग सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया। उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल फोन, सोने के झुमके, कान की बाली और अन्य आभूषण बरामद हुए। ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मौके से एक संदिग्ध बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस चोरों की बाइक मानकर जांच कर रही है।

लघुशंका के बहाने पुलिस को दिया चकमा

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे थाने में हिरासत में रखा था। रविवार देर शाम आरोपी ने लघुशंका जाने की बात कही। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे बाहर लेकर गया। इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हिरासत से आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका।

एसएसपी ने दिखाई सख्ती

मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दीवान को सस्पेंड कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर पुलिस हिरासत की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें