गोरखपुर में रविवार से बदलेगा शहर का ट्रैफिक प्लान: मंगलवार रात तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, महादेव झारखंडी रूट पर बदलेगा आवागमन

गोरखपुर|
मंगलवार रात तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, महादेव झारखंडी रूट पर बदलेगा आवागमन

सावन की कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए गोरखपुर में तीन दिनों के लिए ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई है। पुलिस ने कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के साथ वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं। यह डायवर्जन रविवार सुबह छह बजे से मंगलवार रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। वहीं ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर और ट्रेलर समेत भारी वाहनों की शहर में नो-एंट्री रविवार रात 10 बजे से मंगलवार रात 10 बजे तक रहेगी।

देवरिया बाइपास से महादेव झारखंडी मंदिर की ओर आने वाले भारी वाहनों को खोराबार और चिड़ियाघर मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। कुड़ाघाट की ओर से आने वाले वाहनों को एयरपोर्ट पुलिस चौकी होते हुए वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। हरबर्ट बंधा से टीपी नगर की तरफ जाने वाली बसों और अन्य वाहनों को न्यू सिसलने ओवरब्रिज के रास्ते भेजा जाएगा। भीड़ के अनुसार इस मार्ग पर ट्रैफिक को चरणबद्ध तरीके से नियंत्रित किया जाएगा।

पिपराइच रोड पर भारी वाहनों का रास्ता बदलेगा

पादरी बाजार और सरैया बाजार से पिपराइच रोड की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को मोहद्दीपुर और खजांची चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पिपराइच मार्ग पर भारी वाहनों की सीधी आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वहीं बड़हलगंज से नौसढ़ चौराहे तक कांवड़ियों के लिए अलग सुरक्षित लेन बनाई गई है। इस लेन पर सिर्फ कांवड़ियों को आवागमन की अनुमति होगी, जबकि अन्य वाहनों के लिए दूसरी लेन निर्धारित रहेगी।

बस्ती जाने वाले भारी वाहनों को लिंक एक्सप्रेसवे से भेजेंगे

बस्ती के भदेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के दौरान गोरखपुर से गुजरने वाले भारी वाहनों को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। गीडा सेक्टर-26 और कलेसर क्षेत्र से आने वाले वाहनों को भी जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम रखना है।

एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं को छूट

ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। दूध और ऑयल टैंकर भी इस व्यवस्था से बाहर रहेंगे। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए सहयोग और संयम बनाए रखने की भी अपील की गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।