दो ममेरी बहनों को शादी का झांसा देकर भगाया: आरोपी ने दोस्ती की आड़ में जीता भरोसा, पुलिस ने दर्ज की FIR

चिलुआताल क्षेत्र में एक युवक पर दो बालिग ममेरी बहनों को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले परिवार के बेटे का दोस्त बनकर घर में घुल-मिल गया। फिर धीरे-धीरे दोनों युवतियों का विश्वास जीत लिया। इसके बाद शादी का झांसा देकर लड़कियों को लेकर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर युवतियों और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
चिलुआताल क्षेत्र की रहने वाली महिला की तहरीर पर पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नदिया जिले के रानाघाट थाना क्षेत्र निवासी गोविंदो सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी उनके बेटे का मित्र था और अक्सर घर आता-जाता रहता था। समय के साथ वह परिवार का सदस्य जैसा बन गया। घर के सभी लोग उस पर भरोसा करने लगे, जिसके कारण उसे घर के किसी भी हिस्से में आने-जाने पर कोई रोक-टोक नहीं थी। महिला के अनुसार, घर में उनकी 24 वर्षीय बेटी के साथ उनकी ननद की 19 वर्षीय बेटी भी रहकर पढ़ाई करती थी। आरोपी दोनों युवतियों से सामान्य बातचीत और हंसी-मजाक करता था। परिवार को यह सब सामान्य लगा क्योंकि वे उसे बेटे का दोस्त और भाई जैसा मानते थे। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने दोनों युवतियों से नजदीकियां बढ़ा लीं।
20 जून की सुबह दोनों युवतियां हुईं लापता
परिजनों का आरोप है कि 20 जून 2026 की सुबह करीब चार बजे आरोपी गोविंदो सिंह दोनों युवतियों को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। पहले परिवार ने अपने स्तर पर दोनों की तलाश की। लेकिन जब आरोपी भी गायब मिला और उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा तो संदेह गहरा गया। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। महिला ने आशंका जताई है कि दोनों युवतियां आरोपी के बहकावे में आ गई हैं। उनके साथ कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है। परिजनों ने जल्द से जल्द दोनों को सकुशल बरामद करने की मांग की है।
तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि दोनों युवतियां बालिग हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच करते हुए दोनों युवतियों और आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









