विश्व योग दिवस पर नव्य जागरण की वृहत् योग कार्यशाला: 1000 से अधिक स्कूली बच्चों ने किया योगाभ्यास, AIIMS डायरेक्टर बोलीं- नियमित योग से बनेगा स्वस्थ और सशक्त भारत

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रविवार को नौका विहार पार्ट-1 पर नव्य जागरण की ओर से वृहत् योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक स्कूली बच्चों, NCC कैडेट्स और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान स्वास्थ्य के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने रोजाना योग करने की शपथ ली। सुबह के शांत और सकारात्मक वातावरण में शुरू हुए योगाभ्यास का संदेश शहर के 1000 से अधिक परिवारों तक सजीव रूप में पहुंचा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गोरखपुर AIIMS की डायरेक्टर मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता रहीं। उन्होंने बच्चों के साथ सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लिया। डॉ. दत्ता ने बच्चों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के असिस्टेंट वैभव श्रीवास्तव, एनसीबी के सुपरिटेंडेंट राहुल मोरे, लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल सीवी थापा, सीबी सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर विपिन सिंह, नवल'स नेशनल एकेडमी के एजुकेशनल डायरेक्टर घनश्याम पांडेय, स्प्रिंगर पब्लिक स्कूल, पुलिस मॉर्डन स्कूल, जुबली इंटर कॉलेज, एमजी इंटर कॉलेज, लिटिल स्टार एकेडमी, भारत डिफेंस एकेडमी एवं अन्य स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ऐंकर राजेश चौहान ने किया। आयोजन में स्थानीय लोगों ने भी बच्चों के साथ बैठकर योग किया।
प्रशिक्षकों ने कराई विभिन्न योग क्रियाएं
योग कार्यशाला में प्रतिभागियों को योग की विभिन्न विधियों और क्रियाओं का अभ्यास कराने के लिए यूनानी एवं आयुर्वेद चिकित्सालय के अनुभवी योग प्रशिक्षकों की टीम मौजूद रही। योग प्रशिक्षक डॉ. अजय प्रकाश गौतम, नीलम सिंह, चंद्र प्रकाश आजाद और श्वेता सिंह ने सामूहिक रूप से सभी प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योग व्यक्ति को स्वस्थ, सक्रिय और तनावमुक्त जीवन प्रदान करता है।

नियमित होने चाहिए ऐसे आयोजन : डॉ. दत्ता
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि AIIMS डायरेक्टर डॉ. विभा दत्ता ने नव्य जागरण के आयोजन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें काफी अच्छा महसूस हुआ। डॉ. दत्ता ने कहा, समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। उन्होंने कहा, बच्चों के साथ योग करने का अनुभव अत्यंत सकारात्मक रहा और उनमें योग को लेकर विशेष उत्साह कबीले तारीफ है। नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। यह एक स्वस्थ समाज और बेहतर राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ. दत्ता ने सभी बच्चों से अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच प्रतिदिन कम से कम 15 से 30 मिनट योग के लिए निकालने की अपील की।

नशे से रहें दूर: AD NCB
कार्यक्रम में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने भी सकारात्मक रूप से प्रतिभाग किया। NCB के असिस्टेंट डायरेक्टर वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें अत्यंत सुखद महसूस हुआ। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें। उन्होंने कहा कि कई बार लोग युवाओं को गलत दिशा में ले जाने का प्रयास करते हैं, ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों से प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

PM की पहल से मिली वैश्विक पहचान: आलोक
नव्य जागरण के मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक कुमार अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, हमारी परंपरागत पद्धति योग को वैश्विक मान्यता मिली है। इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्षों तक किए गए अथक प्रयास शामिल हैं। उन्होंने कहा योग और योगी एक दूसरे के पूरक हैं। आलोक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिन की शुरुआत योग से होती है। आज उन्हीं की प्रेरणा से इतने बड़े स्तर पर बच्चों के लिए योग वर्कशॉप का आयोजन किया जा सका है।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। नव्य जागरण के एमडी ने कार्यक्रम में आए बच्चों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन केवल 30 मिनट का योग व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।

योग से ही रहेंगे निरोग : लेफ्टिनेंट छछु पांडेय
लेफ्टिनेंट छछु पांडेय ने नव्य जागरण की योग कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों का उत्साह देखने योग्य था। उन्होंने बताया कि कई बच्चे सुबह चार बजे से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे। बच्चे कार्यशाला को लेकर बेहद उत्साहित थे। उन्होंने कहा कि बच्चों ने पूरे मनोयोग और आनंद के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि उन्हें स्वस्थ और फिट रहना है तो योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। योग ही निरोग जीवन की सबसे सरल और प्रभावी राह है।
योग से मानसिक स्वास्थ्य भी होता है बेहतर: प्रधानाचार्य पायल सिंह
पुलिस मॉडर्न स्कूल, बिछिया से 25 विद्यार्थियों ने योग कार्यशाला में भाग लिया। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य पायल सिंह और प्रिया श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं। प्रधानाचार्य पायल सिंह ने कहा कि नव्य जागरण द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण था। इसने सभी प्रतिभागियों को प्रभावित किया। उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। इससे शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।

योग बच्चों को पढ़ाई और जीवन दोनों में बनाता है सफल : विपिन कुमार सिंह
सीबी सिंह मेमोरियल स्कूल के डायरेक्टर विपिन कुमार सिंह ने नव्य जागरण द्वारा आयोजित योग कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए योग आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए संस्था को इसी प्रकार के प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का युग है। जहां बच्चों और युवाओं का अधिकांश समय मोबाइल फोन और डिजिटल माध्यमों पर व्यतीत हो रहा है। इसका प्रभाव उनकी पढ़ाई और एकाग्रता पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें तो उनका मन पढ़ाई में अधिक लगेगा। उनकी एकाग्रता भी बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि आज का युवा वर्ग कई प्रकार की गलत आदतों की ओर आकर्षित हो रहा है। इससे बचना बेहद आवश्यक है। योग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर युवा अपने जीवन के लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। एक बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्यक्रम का सकारात्मक प्रभाव बच्चों पर पड़ेगा और वे अपने विद्यालयों में जाकर अन्य विद्यार्थियों को भी योग के लिए प्रेरित करेंगे। इससे समाज में व्यापक जागरूकता का वातावरण बनेगा।

योग मानसिक शांति और बेहतर जीवन का आधार है : अंकुर शुक्ला
स्प्रिंगर स्कूल के शिक्षक अंकुर शुक्ला ने बताया कि उनके विद्यालय से 40 विद्यार्थियों ने नव्य जागरण की भव्य योग कार्यशाला में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन का हिस्सा बनना उनके विद्यालय के लिए गर्व की बात है। बड़ी संख्या में लोगों के बीच बच्चों ने न केवल योगाभ्यास किया। साथ ही पूरे कार्यक्रम का भरपूर आनंद भी लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। इसलिए इन्हें नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए। इससे वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियां भी लाभान्वित होंगी। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है। यह मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी लोगों को नियमित रूप से योग का अभ्यास करना चाहिए। जिससे वे स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जी सकें।

योग सर्वांगीण विकास का माध्यम है : चंद्र प्रकाश आजाद
योग प्रशिक्षक चंद्र प्रकाश आजाद ने कहा कि नव्य जागरण की इस भव्य योग कार्यशाला का हिस्सा बनकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे और अन्य नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहने की आवश्यकता है। इसके लिए योग एक प्रभावी साधन साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं है। यह व्यक्ति के मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का भी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारता है। उसे जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है। इसलिए युवाओं को योग को अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा अवश्य बनाना चाहिए।

योग अपनाने से बुरी आदतों से बचाव संभव : श्वेता सिंह
योग प्रशिक्षक श्वेता सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को योगाभ्यास कराना उनके लिए अत्यंत सुखद और प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। जीवन में अनुशासन और सकारात्मकता का संचार करता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपना समय योग और सकारात्मक गतिविधियों में लगाता है, तो वह स्वतः ही बुरी आदतों और अनावश्यक गतिविधियों से दूर रहने लगता है। योग न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। साथ ही जीवन को संतुलित और उद्देश्यपूर्ण बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्रतिदिन योग और सूर्य नमस्कार से बनेगा बेहतर भविष्य : नीलम सिंह
योग प्रशिक्षक नीलम सिंह ने कहा कि उन्हें बच्चों के बीच स्वास्थ्य और योग का संदेश देने का अवसर मिला, जो उनके लिए बेहद संतोषजनक अनुभव है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे अपने भविष्य को बेहतर बनाना चाहते हैं। अपने लक्ष्यों को प्राप्त करना चाहते हैं, तो उन्हें नियमित रूप से योग का अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन पांच से 15 मिनट का योगाभ्यास भी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। इससे न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बेहतर होता है। एक स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में भी योगदान मिलता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से अपील की कि वे अपनी सेहत और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिदिन कम से कम पांच मिनट के लिए सूर्य नमस्कार अवश्य करें। योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
योग के प्रति बच्चों में दिखा विशेष उत्साह : रेनुका राव
महाराणा प्रताप बालिका इंटर कॉलेज की सेकेंड असिस्टेंट रेनुका राव ने बताया कि उनके विद्यालय से 50 छात्राओं ने नव्य जागरण की योग कार्यशाला में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यशाला में शामिल होकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। बच्चों में भी कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
युवाओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा आयोजन : अनन्या
46 यूपी बटालियन, गोरखपुर की जीसीआई अनन्या ने कहा कि योग कार्यशाला में शामिल होकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नव्य जागरण समाचार पत्र द्वारा किया गया यह आयोजन एक सराहनीय पहल है। इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं और विद्यार्थियों के बीच योग के महत्व को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनने की प्रेरणा देते हैं।
अतिथियों का किया गया सम्मान
योग कार्यशाला के सफल समापन के बाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया। नव्य जागरण समाचार पत्र के प्रबंध निदेशक आलोक अग्रवाल ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए नव्य जागरण की पहल की प्रशंसा की। सम्मान समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









