फेल छात्रों को मिला दूसरा मौका: यूपी बोर्ड की इंप्रूवमेंट-कंपार्टमेंट परीक्षा के आवेदन शुरू, 27 जून तक करें ऑनलाइन अप्लाई

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इंप्रूवमेंट-कंपार्टमेंट तथा इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य परीक्षा में अपेक्षित सफलता हासिल न कर पाने वाले विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। पात्र छात्र-छात्राएं 27 जून तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को एक और मौका उपलब्ध कराना है। जिससे वे अपना परिणाम सुधार सकें और बिना किसी शैक्षणिक बाधा के आगे की पढ़ाई जारी रख सकें।
बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार हाईस्कूल इंप्रूवमेंट परीक्षा में वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। जो केवल एक विषय में असफल हुए हैं। वहीं कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्र पात्र होंगे। लेकिन उन्हें इनमें से केवल एक विषय का चयन कर परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। बोर्ड ने विद्यार्थियों को समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और सभी आवश्यक औपचारिकताओं का पालन करने की सलाह दी है। जिससे किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इंटरमीडिएट विद्यार्थियों के लिए भी विशेष व्यवस्था
इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के वे छात्र शामिल हो सकेंगे। जो किसी एक विषय में असफल रहे हैं। इसके अतिरिक्त कृषि वर्ग के विद्यार्थी निर्धारित विषयों में से किसी एक पेपर तथा व्यावसायिक वर्ग के छात्र अपने ट्रेड से संबंधित किसी एक विषय में असफल होने पर परीक्षा देने के पात्र होंगे। बोर्ड का मानना है कि इस व्यवस्था से हजारों विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
प्रैक्टिकल और लिखित परीक्षा को लेकर स्पष्ट किए नियम
यूपी बोर्ड ने प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और लिखित परीक्षा से संबंधित नियम भी स्पष्ट कर दिए हैं। जिन विद्यार्थियों को किसी विषय के लिखित और प्रायोगिक दोनों भागों में असफलता मिली है। उन्हें दोनों हिस्सों की परीक्षा देनी होगी। वहीं जो छात्र केवल लिखित अथवा केवल प्रायोगिक परीक्षा में असफल हैं। उन्हें उसी भाग की परीक्षा देने की अनुमति होगी। हालांकि ऐसे विद्यार्थियों के पास दोनों हिस्सों की परीक्षा देने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
जल्द जारी होगा परीक्षा कार्यक्रम
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा। इसमें लिखित, प्रायोगिक और प्रोजेक्ट आधारित परीक्षाओं की तिथियां घोषित की जाएंगी। बोर्ड ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। जो मामूली अंतर से सफलता से वंचित रह गए थे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










