गोरखपुर में 25 सेंटरों पर होगी UP PGT परीक्षा: 33 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू

जिले में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की प्रवक्ता यानी PGT भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में 9 और 10 मई को यह परीक्षा 25 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। दो दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 33,235 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। हर परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। साथ ही अभ्यर्थियों और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की भी कड़ी जांच की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से काफी पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं ताकि चेकिंग प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
पहले दिन 15 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
परीक्षा के पहले दिन नौ मई को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली पाली में 7,931 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं दूसरी पाली में 7,102 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। दूसरे दिन यानी 10 मई को पहली पाली में 6,945 और दूसरी पाली में सबसे ज्यादा 11,257 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर CCTV निगरानी, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। केंद्र व्यवस्थापकों को भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
एंट्री से पहले होगी सघन जांच
परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच की जाएगी। एडमिट कार्ड, फोटो आईडी और चेहरे का मिलान करने के बाद ही एंट्री दी जाएगी। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से भी चेकिंग होगी। प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अगर कोई अभ्यर्थी नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों पर भी सख्ती
इस बार प्रशासन ने सिर्फ अभ्यर्थियों पर ही नहीं बल्कि परीक्षा ड्यूटी में लगे स्टाफ पर भी सख्ती दिखाई है। सभी केंद्रों पर ड्यूटी करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी जमा कराए जाएंगे। किसी भी कर्मचारी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। पिछले वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल के मामलों के बाद सरकार ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है।
624 पदों के लिए हो रही परीक्षा
यह परीक्षा प्रदेश में प्रवक्ता यानी PGT के 624 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा उत्तर प्रदेश के 17 जिलों के कुल 319 केंद्रों पर कराई जाएगी। गोरखपुर में सबसे ज्यादा संवेदनशील केंद्रों की सूची भी तैयार की गई है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचे और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारु रखने के लिए पुलिस विभाग ने विशेष प्लान तैयार किया है ताकि परीक्षा के दौरान शहर में जाम जैसी स्थिति न बने।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










