पूर्वांचल को मिली पहली फ्लैटेड फैक्ट्री की सौगात: सीएम योगी ने किया लोकार्पण, एक ही परिसर में चलेंगे 100 से अधिक उद्योग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर को औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात दी। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर-13 में पूर्वांचल की पहली फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। लगभग 42.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस अत्याधुनिक औद्योगिक परिसर को प्रदेश में रोजगार, निवेश और उद्यमिता को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से एक ही परिसर में 100 से अधिक उद्योग संचालित किए जा सकेंगे। युवाओं को ‘प्लग एंड प्ले’ मॉडल की सुविधा उपलब्ध होगी। जिससे बिना अधिक प्रारंभिक निवेश के उद्योग स्थापित करना आसान होगा।
मुख्यमंत्री इससे पहले एनेक्सी भवन सभागार में आयोजित गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल की संयुक्त खरीफ गोष्ठी में शामिल हुए। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन और ग्रामीण विकास से जुड़े सीनियर अफसरों के साथ बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में कृषि क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें तकनीकी संसाधनों से जोड़ने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को राहत देने के लिए अपने संसाधनों से लगभग तीन हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
गीडा बना पूर्वांचल के औद्योगिक विकास का नया केंद्र
फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में गीडा का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। आज यहां स्टील, पाइप, रेडीमेड गारमेंट, खाद्य प्रसंस्करण और अन्य अनेक क्षेत्रों की इकाइयां सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गीडा में स्थापित उद्योगों ने अब तक लगभग 50 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराया है। इनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, नेपाल तथा देश के अन्य हिस्सों के युवा भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि नए फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में लगभग 80 उद्यमियों को स्थान आवंटित किया जाएगा। यहां रेडीमेड गारमेंट सहित विभिन्न लघु एवं मध्यम उद्योगों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार के लिए महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
208 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर गीडा क्षेत्र में एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत लगभग 100 परिवारों के लिए सम्मानजनक आवास की व्यवस्था की गई है। यह मॉडल उद्योग और श्रमिक हितों के बीच संतुलन स्थापित करने का उत्कृष्ट उदाहरण है। जहां कर्मचारियों को कार्यस्थल के निकट ही आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने करीब 208 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और विकास की प्रक्रिया निरंतर आगे बढ़ रही है। इसका लाभ सीधे युवाओं तथा आम जनता को मिल रहा है।
कानून व्यवस्था से आया निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के कारण निवेशकों का विश्वास बढ़ा है। उत्तर प्रदेश को अब तक लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। जिनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। वहीं 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव क्रियान्वयन की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में सुरक्षा और सुशासन का वातावरण नहीं होता तो इतने बड़े स्तर पर निवेश और रोजगार सृजन संभव नहीं हो पाता। सरकार गरीबों, व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति गरीबों के अधिकारों का हनन करेगा, व्यापारियों को धमकाएगा या बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा तो उसे कानून के दायरे में कठोर दंड दिया जाएगा।
रवि किशन पर ली हल्की चुटकी, सभागार में गूंजे ठहाके
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर सांसद रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली। कहा कि क्षेत्र के विकास में जनता के साथ-साथ सांसद का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि भले ही रवि किशन लोगों को मुफ्त में फिल्म न दिखाते हों, लेकिन हर कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार सजग रहते हैं। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर सभागार में मौजूद लोगों के बीच ठहाके और तालियों की गूंज सुनाई दी। उन्होंने कहा कि विकास की यह यात्रा लगातार आगे बढ़ती रहेगी। आने वाली पीढ़ियों के लिए एक समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर पूर्वांचल का निर्माण किया जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









