अब नेपाल बॉर्डर तक जाएगी वाराणसी एक्सप्रेस: ट्रेन के नियमित संचालन को मिली मंजूरी, बहराइच से आगे बढ़ेगा रूट

पूर्वांचल से नेपाल सीमा की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। वाराणसी सिटी से गोरखपुर और बहराइच के रास्ते संचालित स्पेशल ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस का दर्जा मिल गया है। इसके साथ ही ट्रेन का विस्तार बहराइच से आगे नेपालगंज रोड तक कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद पूर्वोत्तर रेलवे नई व्यवस्था के तहत अगस्त के पहले सप्ताह से ट्रेन का संचालन शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। नियमित एक्सप्रेस बनने से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ किराए में भी राहत मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर नीलम ने 28 जुलाई को इस संबंध में आदेश जारी किया है। अभी तक यह ट्रेन स्पेशल के रूप में केवल बहराइच तक संचालित हो रही थी। नियमित एक्सप्रेस बनने के बाद इसका संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार होगा। इससे समय पालन बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही स्पेशल ट्रेन का अतिरिक्त शुल्क समाप्त होने से विभिन्न श्रेणियों में यात्रियों का किराया लगभग 50 से 70 रुपये तक कम हो जाएगा।
गोरखपुर से होकर नेपालगंज रोड तक चलेगी ट्रेन
नए समय के अनुसार वाराणसी सिटी-गोरखपुर-नेपालगंज रोड एक्सप्रेस (15132) रात 10:35 बजे वाराणसी सिटी से रवाना होकर सुबह चार बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से आगे चलकर सुबह 11:20 बजे नेपालगंज रोड पहुंचेगी। वहीं वापसी में नेपालगंज रोड-गोरखपुर-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस (15131) शाम 4:15 बजे नेपालगंज रोड से चलेगी, रात 12:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी और सुबह 5:30 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
पूर्वांचल और नेपाल सीमा के यात्रियों को होगा फायदा
यह ट्रेन नकहा जंगल, पीपीगंज, कैंपियरगंज, आनंदनगर, सिद्धार्थनगर, शोहरतगढ़, बढ़नी, तुलसीपुर, बलरामपुर, गोंडा, पयागपुर, बहराइच, रिसिया और नानपारा समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर नेपालगंज रोड तक जाएगी। इससे गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और बहराइच सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। नेपाल सीमा तक रेल संपर्क मजबूत होने से व्यापार, पर्यटन और आवागमन करने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी। रेलवे अगस्त के पहले सप्ताह से नियमित संचालन शुरू करने की तैयारी कर रहा है, जिससे यात्रियों को कम किराया, तय समय पर सेवा और नेपाल बॉर्डर तक सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।











