पुरानी रंजिश में VHP नेता पर हमला: रॉड से पीटकर किया लहूलुहान, गैराज से लौटते समय रास्ते में रोका

चौरी चौरा क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के नगर अध्यक्ष पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ दबंगों ने उन्हें रास्ते से खींचकर एक मकान के अंदर ले जाकर लोहे की रॉड, डंडों और अन्य भारी वस्तुओं से बेरहमी से पीटा। हमले में उनकी दोनों आंखों के आसपास गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार चौरी चौरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड नंबर-11 गांधी नगर निवासी अमित वर्मा विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष हैं। मंगलवार देर रात वह अपने गैराज से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रात करीब 12 से 1 बजे के बीच पहले से घात लगाए बैठे चार से छह लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। जबरन एक मकान के भीतर खींच ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उन पर लोहे की रॉड, डंडों और अन्य वस्तुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीड़ित अमित वर्मा का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें गंभीर रूप से घायल करने के साथ-साथ गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया। जिससे वह किसी को सूचना न दे सकें। इतना ही नहीं, गले में पहनी चेन और जेब में रखी नकदी भी आरोपित अपने साथ ले गए।
शोर सुनकर पहुंचे लोग
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने शोर-शराबा सुना तो पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। किसी तरह अमित वर्मा वहां से निकलकर बाहर आए। सूचना मिलने पर मुंडेरा बाजार चौकी प्रभारी अशोक वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठने लगी है।











