गोरखपुर में युवक की मौत पर बवाल: परिजनों ने पत्नी को पीटा, उग्र भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव

गोरखपुर|1 घंटा पहले
परिजनों ने पत्नी को पीटा, उग्र भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव

पिपराइच थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव में एक युवक का शव घर में फंदे से लटका मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद परिजनों ने युवक की पत्नी पर प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर महिला को बचाने पहुंची पुलिस टीम का ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध किया और पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और सरकारी वाहन के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने किसी तरह महिला और उसकी बहन को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। पूरे घटनाक्रम के दौरान गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

मृतक की पहचान ककरहिया निवासी 30 वर्षीय पंकज कुमार निषाद के रूप में हुई है। वह ड्राइविंग और साउंड सिस्टम का कार्य करते थे। परिवार में माता-पिता और दो छोटे भाई हैं। पंकज का विवाह इसी वर्ष छह फरवरी को पीपीगंज थाना क्षेत्र के चकडीहा गांव की 26 वर्षीय युवती से हुआ था। परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा था, जिससे पंकज मानसिक तनाव में रहने लगे थे। पड़ोसियों ने बताया कि कल उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया था और दोस्तों के साथ समय बिताने के बाद घर लौटे थे।

शव ले जाने के दौरान बढ़ा विवाद

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की। इसी दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान धक्का-मुक्की हुई और भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया। इस घटना में कांस्टेबल सुनील यादव और कांस्टेबल इम्तियाज अहमद घायल हो गए। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के समझाने पर स्थिति सामान्य हुई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मोबाइल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच

मृतक के पिता ब्रह्मदेव निषाद ने कहा कि पंकज परिवार का सबसे बड़ा सहारा था। उनका आरोप है कि शादी के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। चौरीचौरा क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह ने बताया कि युवक का शव फंदे से लटका मिला है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पत्नी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पर पथराव के मामले में भी केस दर्ज किया जा रहा है। मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।