गोरखपुर में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल: पैमाइश पर बढ़ा विवाद; पुलिस कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल

गोरखपुर|1 घंटा पहले
पैमाइश पर बढ़ा विवाद; पुलिस कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल

तिवारीपुर थाना क्षेत्र के डोमिनगढ़ चौकी अंतर्गत कथित पुलिस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने पर एसपी सिटी निमिष पाटील ने मामले का संज्ञान लेते हुए सीओ कोतवाली को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई जाने पर उसके विरुद्ध निलंबन सहित आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नव्य जागरण वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव निवासी विवेक यादव ने बताया कि 28 जून को लेखपाल और कानूनगो पुलिस की मौजूदगी में पड़ोसी की जमीन की पैमाइश कर रहे थे। उनका दावा है कि संबंधित भूमि पर दीवानी न्यायालय का स्टे ऑर्डर लागू है। विवेक के अनुसार उस समय वह घर पर नहीं थे। गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर लौटने पर उन्होंने देखा कि पुलिस और प्रशासन की टीम उनके खेत के भीतर लगभग 30 फीट अंदर पैमाइश के पत्थर गाड़ रही थी। उन्होंने अपनी अनुपस्थिति का हवाला देते हुए दोबारा पैमाइश कराने की मांग की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

चौकी और थाने में मारपीट का आरोप

विवेक यादव का आरोप है कि विवाद के दौरान डोमिनगढ़ चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। उनका कहना है कि पुलिस उन्हें वाहन से चौकी ले गई, जहां रास्ते में भी लात-घूंसों से पीटा गया। आरोप है कि चौकी पहुंचने के बाद लाठी और पट्टे से भी मारपीट की गई। पीड़ित का दावा है कि इस घटना में दो दरोगा और छह सिपाही शामिल थे तथा देर रात थाने ले जाकर भी उनके साथ मारपीट की गई। इससे शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

एसएसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित

पीड़ित के अनुसार अगले दिन सुबह उनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। देर शाम जमानत मिलने के बाद उन्होंने कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वह अपने परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का पक्ष और जांच के आदेश

दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन का कहना है कि पैमाइश के दौरान चंदन यादव ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और लगाए गए पैमाइश के पत्थर उखाड़ दिए, जिससे मौके पर विवाद की स्थिति बनी। अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच सीओ कोतवाली को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई गई तो उसके खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।