गोरखपुर में कल से बदलेगा वेदर: चार दिनों तक बारिश और तेज हवाओं के आसार, पूर्वांचल में सक्रिय होगा प्री-मानसून सिस्टम

भीषण गर्मी, तेज धूप और लू जैसी परिस्थितियों से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने 28 मई से मौसम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। अगले चार दिनों तक गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं और आंधी भी चल सकती है। जिससे तापमान में गिरावट होगी।
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के कारण 28 से 31 मई के बीच प्री-मानसून गतिविधियां तेज रहेंगी। इसी वजह से पूर्वांचल के कई हिस्सों में बारिश की अच्छी संभावना बन रही है। हालांकि मानसून की आधिकारिक एंट्री को लेकर अभी कोई स्पष्ट अपडेट नहीं है। आगामी बारिश को प्री-मानसून सिस्टम का प्रभाव माना जा रहा है। विभाग का अनुमान है कि लगातार बादल छाए रहेंगे। बारिश होने से तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
तेज आंधी और बारिश ने बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार रात गोरखपुर में तेज आंधी चली थी। जिसकी रफ्तार लगभग 70 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटा तक दर्ज की गई। तेज आंधी के बाद बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। विभाग ने शहर में 6.4 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लोगों को उमस और गर्म हवाओं से राहत महसूस हुई। गोरखपुर यूनिवर्सिटी स्थित वेदर स्टेशन के सह-समन्वयक ने बताया कि रात करीब एक बजे बूंदाबांदी शुरू हुई थी। इसके बाद कभी हल्की बारिश तो कभी रिमझिम फुहारों का सिलसिला जारी रहा। बीच-बीच में कुछ देर के लिए बारिश थमी भी, लेकिन मौसम में नमी बनी रही। उन्होंने बताया कि रात 2 बजकर 22 मिनट तक बूंदाबांदी रिकॉर्ड की गई। वहीं डीडीयू स्टेशन पर 4.2 एमएम बारिश दर्ज की गई।
किसानों और आमजन को मिलेगी राहत
मौसम में आए इस बदलाव को किसानों के लिए भी राहत भरा माना जा रहा है। तेज गर्मी और सूखी हवाओं के कारण फसलों और सब्जियों पर पड़ रहे असर में अब कमी आने की उम्मीद है। वहीं शहरवासियों को भी चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और तेज आंधी के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि मई के अंतिम सप्ताह में इस तरह की प्री-मानसून गतिविधियां वातावरण में नमी बढ़ाने के साथ आगामी मानसून की परिस्थितियों को भी मजबूत करती हैं। फिलहाल अगले चार दिन तक मौसम सुहाना बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









