घरेलू विवाद में महिला की संदिग्ध मौत: मछली बनाने को लेकर पति से हुआ था विवाद, रास्ते में तोड़ा दम

गोला थाना क्षेत्र के चिलवां गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मछली बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के कुछ समय बाद महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्वजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चिलवां गांव निवासी 40 वर्षीय रेनू देवी का अपने पति पप्पू के साथ घरेलू मुद्दों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार रात भी दोनों के बीच मछली बनाने को लेकर कहासुनी हुई। परिवार के लोगों के मुताबिक विवाद के कुछ समय बाद रेनू देवी की तबीयत अचानक खराब होने लगी। देखते ही देखते उनकी हालत गंभीर हो गई। जिससे परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़हलगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
जहरीला पदार्थ खाने की आशंका
महिला की मौत के बाद स्वजन जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने महिला के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रेनू देवी अपने पीछे 18 वर्षीय पुत्री प्रीति और 15 वर्षीय पुत्र अमन को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। प्रभारी निरीक्षक सीपी पांडेय ने बताया कि महिला की बॉडी का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









