नहाते समय महिला का वीडियो बनाकर किया वायरल, आरोपी फरार: महिला से करता था एकतरफा प्यार, विक्टिम ने दर्ज कराया केस

गोरखपुर|18 मई 2026
महिला से करता था एकतरफा प्यार, विक्टिम ने दर्ज कराया केस

खोराबार थाना क्षेत्र में महिला की प्राइवेसी से खिलवाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के एक युवक ने बाथरूम में नहा रही शादीशुदा महिला का चोरी से वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला गहरे सदमे में है। बदनामी के डर से उसने घर से बाहर निकलना तक बंद कर दिया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला ने रविवार शाम को खोराबार थाने पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ एप्लीकेशन दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक महिला से एकतरफा प्रेम करता था। वह लंबे समय से महिला का पीछा कर रहा था और उसे मानसिक रूप से परेशान करता था।

छत से बनाया वीडियो

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति बाहर रहकर नौकरी करता है। वह गांव में सास-ससुर के साथ रहती है। गांव का ही एक युवक काफी समय से उसके पीछे पड़ा था। महिला ने उसकी हरकतों को पहले नजरअंदाज किया, लेकिन आरोपी लगातार परेशान करता रहा। महिला के मुताबिक 23 अप्रैल को वह दिन में अपने घर के बाथरूम में नहा रही थी। इसी दौरान आरोपी युवक घर की छत पर चढ़ गया और चोरी-छिपे उसका वीडियो बना लिया। दो दिन बाद आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही महिला घबरा गई और उसने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिए। घटना के बाद महिला मानसिक तनाव में है। उसने पुलिस को बताया कि अब वह घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस करती है। गांव में लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई है।

आरोपी दो दिन से लापता

पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक मनबढ़ स्वभाव का है। गांव वालों ने भी उसे आक्रामक प्रवृत्ति का बताया है। महिला ने आशंका जताई है कि आरोपी उसके ऊपर हमला भी कर सकता है। घटना सामने आने के बाद से युवक अपने घर से फरार बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साइबर सेल की मदद से वायरल वीडियो के स्रोत और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जांच भी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किन-किन लोगों तक पहुंचा और किस माध्यम से फैलाया गया है।

महिला सुरक्षा और साइबर क्राइम पर फिर उठे सवाल

घटना ने महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि महिलाओं की निजता सुरक्षित रह सके। मामले की जांच खोराबार थाने की उपनिरीक्षक अनुप्रिया रॉय को सौंपी गई है। थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें