चिल्लूपार से योगी का विपक्ष पर प्रहार: बोले- डबल इंजन सरकार ने बदली प्रदेश की तस्वीर, 300 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे के दौरान चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र को करीब 300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। महुआपार स्थित गांधी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 152.21 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 122 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 143.25 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 197 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्षी दलों पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता और जनसमर्थन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश और केंद्र में वर्तमान सरकार न होती तो यह ऐतिहासिक कार्य संभव नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को समान प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार की नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल हो गया है।
रोजगार और निवेश के नए अवसर उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है। उन्होंने दावा किया कि आज बेटियां, व्यापारी और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही युवाओं को रोजगार और निवेश के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल आधारभूत ढांचे का विकास नहीं कर रही है। साथ ही औद्योगिक इकाइयों और प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से रोजगार सृजन पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
विपक्ष पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अव्यवस्था का माहौल था। नौकरियों में पारदर्शिता नहीं थी। विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने व्यवस्था को पारदर्शी बनाया है। सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य आधारभूत परियोजनाओं के कारण क्षेत्र की कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। अब गोरखपुर से लखनऊ और वाराणसी की यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान हो गई है। उन्होंने बताया कि धुरियापार क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए ग्रेटर गीडा विकसित किया जा रहा है। जहां सीमेंट फैक्ट्री, पावर प्लांट, आधुनिक पेंट यूनिट और डिस्टिलरी जैसी परियोजनाएं स्थापित होंगी।
औद्योगिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनेगा पूर्वांचल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूर्वांचल को औद्योगिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों या विदेशों का रुख न करना पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में गोरखपुर और आसपास का क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









