योगी सरकार में बना विकास का नया मॉडल- हरदीप सिंह पुरी: अब विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन के लिए जाना जाता है यूपी, विकास और रोजगार की रफ्तार भी तेजी से बढ़ी

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने नई पहचान बनाई है। अब प्रदेश विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन के लिए जाना जाता है। पहले यूपी की चर्चा सिर्फ जनसंख्या को लेकर होती थी। लेकिन अब निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार की वजह से पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने देशभर के सामने मजबूत उदाहरण पेश किया है।
हरदीप सिंह पुरी गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। ताल नदोर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में यूपी में अद्भुत बदलाव देखने को मिला। उन्होंने दावा किया कि ऐसा परिवर्तन देश के अन्य राज्यों में कम दिखाई देता है। योगी सरकार ने कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार किया है। इससे निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। विकास और रोजगार की रफ्तार भी तेजी से बढ़ी है।
निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर में यूपी बना नई मिसाल
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेशकों की पसंद बन चुका है। प्रदेश में सड़क, एयर और मेट्रो कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ी है। डिफेंस कॉरिडोर और हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी तेजी से काम हुआ। शिक्षा और औद्योगिक विकास में भी बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशासनिक क्षमता बेहद मजबूत है। वह हर विषय को गहराई से समझते हैं। केंद्रीय मंत्री ने एथेनॉल ब्लेंडिंग पर हुई चर्चा का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने यूपी में इसे लागू करने की सहमति दी है। इससे किसानों और उद्योगों दोनों को फायदा मिलेगा। उन्होंने पीएम आवास योजना का उदाहरण भी साझा किया। कहा कि वर्ष 2017 से पहले यूपी से सिर्फ 17 हजार आवासों की मांग आई थी। योगी सरकार बनने के बाद यह आंकड़ा 17 लाख पार कर गया। इससे साफ है कि योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि यूपी हरित ऊर्जा क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। कम्प्रेस्ड बायोगैस यानी सीबीजी सेक्टर में नई संभावनाएं बनी हैं। इससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। प्रदेश में स्थापित हो रहे सीबीजी प्लांट वेस्ट टू वेल्थ विजन को आगे बढ़ा रहे हैं।
स्टेडियम से निकलेगी नई खेल प्रतिभाओं की पीढ़ी
केंद्रीय मंत्री ने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को दूरदर्शी परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ स्टेडियम नहीं है। यह युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला प्लेटफॉर्म बनेगा। यहां से नई खेल प्रतिभाएं सामने आएंगी। देश को भविष्य के बड़े खिलाड़ी मिलेंगे। उन्होंने बताया कि स्टेडियम निर्माण में पेट्रोलियम मंत्रालय भी सहयोग कर रहा है। इंडियन ऑयल की तरफ से 60 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। अन्य तेल कंपनियां भी आर्थिक सहयोग कर रही हैं। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि आने वाले समय में गोरखपुर खेल गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनेगा। स्टेडियम बनने से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजन होंगे। इससे पूर्वांचल के खिलाड़ियों को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि खेल इंफ्रास्ट्रक्चर से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। होटल, मार्केट और पर्यटन क्षेत्र को भी फायदा होगा।
पूर्वांचल में तैयार होंगे रोहित और विराट जैसे खिलाड़ी
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पूर्वांचल के लिए बड़ी सौगात है। आने वाले समय में यहीं से बड़े क्रिकेटर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में भी रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी तैयार होंगे। वर्ष 2029 तक यहां आईपीएल मैच आयोजित हो सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन की सराहना की। बोले, गोरखपुर अब खेल नक्शे पर तेजी से उभर रहा है। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यूपी खेल क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है। प्रदेश की ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। हर ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज की योजना आगे बढ़ रही है।
जो बोलते हैं, उसे पूरा करते हैं सीएम योगी : रविकिशन
सांसद रविकिशन ने कहा कि कभी किसी ने नहीं सोचा था कि गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को बड़ा मंच दिया है। उन्होंने कहा कि यहां दुनिया के खिलाड़ी खेलने आएंगे। स्टेडियम बनने से रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। सांसद ने कहा कि डबल इंजन सरकार जो कहती है, उसे पूरा भी करती है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और अन्य अभ्यागतों का स्वागत करते हुए गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के रूप में मुख्यमंत्री जी ने पूर्वांचल के युवाओं को बहुत बड़ी सौगात दी है।
कार्यक्रम में मौजूद लोग
कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह और महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव भी शामिल हुए। इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंद सिंह साहनी समेत कई अधिकारी मंच पर मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










