जनता दर्शन में सीएम योगी के कड़े निर्देश: अवैध कब्जों पर होगी कठोर कार्रवाई, बीमारों को तुरंत मिलेगी सरकारी मदद

गोरखपुर|14 जून 2026
अवैध कब्जों पर होगी कठोर कार्रवाई, बीमारों को तुरंत मिलेगी सरकारी मदद

तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। जिनमें भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले प्रमुख रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिले।

जनता दर्शन में गोरखपुर के अलावा बलिया, बस्ती, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महराजगंज समेत आसपास के कई जिलों से लोग पहुंचे थे। मुख्यमंत्री स्वयं प्रत्येक फरियादी के पास गए, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कई लोग एक से अधिक शिकायतों के साथ पहुंचे थे। जिनमें भूमि कब्जा और पारिवारिक विवाद के मामले प्रमुख रूप से सामने आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की संपत्ति पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बीमारों को आर्थिक सहायता का भरोसा

जनता दर्शन के दौरान कई लोग अपने परिजनों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित मामलों का इस्टीमेट तैयार कर पात्र लोगों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिससे आर्थिक अभाव के कारण किसी का उपचार प्रभावित न हो।

बच्चों से संवाद, गोशाला में की गोसेवा

कार्यक्रम में कई फरियादी अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की। उनका नाम और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की। जनता दर्शन से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे। जहां उन्होंने गोसेवा की। उन्होंने गायों को गुड़ और रोटी खिलाई तथा गोशाला कर्मियों को गोवंश की बेहतर देखभाल करने के निर्देश दिए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।