किडनैप गोरखपुर के नौका विहार से युवक का अपहरण: रील बनाने के शौकीन शाहिद को 30 किलोमीटर दूर लेकर पहुंचे आरोपी, पहचान नहीं हुई तो रेत पर फेंककर भागे

सिटी के टूरिस्ट प्लेस नौकाविहार से युवक को किडनैप करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर रील बनाने के शौकीन पीड़ित को छह युवकों ने मिलकर किडनैप कर लिया। आरोपियों ने पहले उसे जमकर पीटा फिर 30 किलोमीटर दूर ले जाकर चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया। गनीमत रही कि वह बालू पर गिरा, जिससे उसकी जान बच गई।
पीड़ित युवक शाहिद कुरैशी तिवारीपुर थाना क्षेत्र के जाफरा बाजार का रहने वाला है। मंगलवार की रात करीब 9 बजे वह अपने एक दोस्त के साथ नौकाविहार घूमने गया था। वहां वह एक दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान दो गाड़ियों से छह युवक उतरे और अचानक उसके पास पहुंचे। आरोपियों ने शाहिद को जबरन कुर्सी से उठाया। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित शाहिद के मुताबिक, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरदस्ती कार में बैठा लिया।
गलत व्यक्ति को उठा लिया था
इसके बाद आरोपी उसे भटहट इलाके से आगे ले गए। रास्ते में किडनैपर्स ने उसका मोबाइल फोन चेक किया। मोबाइल की जांच के बाद उन्हें पता चला कि वह जिस व्यक्ति को ढूंढ रहे थे, शाहिद वह नहीं है। इसके बाद आरोपियों ने उसे चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया और फरार हो गए।
होश आया तो बालू पर गिरा था शाहिद
गाड़ी से गिरने के बाद शाहिद बेहोश हो गया। कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो उसने खुद को बालू पर पड़ा पाया। इधर, शाहिद के साथ गया उसका दोस्त किसी तरह वहां से बच निकला और पूरी घटना की जानकारी शाहिद की मां को दी। मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
रामगढ़ताल पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट किया
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ताल पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने शाहिद के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और आधी रात में उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण में शामिल सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया।











