फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में रेलवे इंजन तक पहुंचा युवक: रील वायरल होते ही पहुंचा जेल, रेलवे ने दर्ज कराया केस

गोरखपुर|1 घंटा पहले
रील वायरल होते ही पहुंचा जेल, रेलवे ने दर्ज कराया केस

सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में युवाओं द्वारा जोखिम भरे कदम उठाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पूर्वोत्तर रेलवे के सैदपुर भितरी रेलवे स्टेशन पर सामने आया। जहां एक युवक ने रेलवे इंजन के प्रतिबंधित केबिन में घुसकर रील बनाई। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। उसे अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया। घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में युवक बिना शर्ट के रेलवे स्टेशन पर खड़े इंजन के भीतर दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह इंजन के नियंत्रण कक्ष तक पहुंचकर विभिन्न एंगल से रील बनाते हुए नजर आता है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार लोको पायलट का केबिन अत्यंत संवेदनशील और प्रतिबंधित क्षेत्र होता है। जहां केवल अधिकृत रेलवे कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति होती है। ऐसे क्षेत्र में किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना जाता है।

सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शुरू हुई जांच

जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हुआ। रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने इसका संज्ञान लिया। लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा कि आखिर एक सामान्य व्यक्ति रेलवे इंजन के केबिन तक कैसे पहुंच गया? मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल जांच शुरू कर दी। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर उसकी गतिविधियों की पड़ताल की गई।

रील वायरल होते ही पहुंचा जेल, रेलवे ने दर्ज कराया केस

फेमस होने के लिए की थी पूरी हरकत

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि युवक ने सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने और अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से यह रील बनाई थी। उसने बनारस मंडल के अंतर्गत आने वाले सैदपुर भितरी रेलवे स्टेशन पर खड़े इंजन के लोको पायलट केबिन में अनधिकृत रूप से प्रवेश किया। वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई

रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीर सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। इसके बाद युवक को अरेस्ट कर लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे परिसरों, ट्रैक, इंजन और अन्य संवेदनशील स्थलों पर अनधिकृत प्रवेश किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

लोगों से की गई अपील

रेलवे प्रशासन ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए किसी भी प्रकार के गैरकानूनी या खतरनाक कदम न उठाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और रेलवे संचालन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।