गोरखपुर में युवक ने छत से राहगीरों पर किया पथराव: 45 मिनट तक मचा हड़कंप, फायर टीम ने किया रेस्क्यू

गोलघर इलाके में एक युवक ने मकान की छत पर चढ़कर राहगीरों पर लगातार ईंट-पत्थर फेंकेने लगा। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। करीब 45 मिनट तक चले घटनाक्रम के दौरान सड़क पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा और हिरासत में ले लिया।
घटना गोलघर स्थित काली मंदिर के पास पेट्रोल पंप के पीछे जाने वाली सड़क की है। स्थानीय लोगों ने देखा कि एक व्यक्ति मकान की छत पर चढ़ गया और वहां से गुजर रहे लोगों पर ईंट-पत्थर फेंकने लगा। अचानक हुए हमले से राहगीरों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते काली मंदिर रोड पर भारी भीड़ जुट गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पुलिस ने युवक को समझाने का किया प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, सीओ गोरखनाथ तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) संतोष कुमार राय के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नीचे से युवक को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह लगातार ईंट-पत्थर फेंकता रहा और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ती देख फायर विभाग के जवानों ने सीढ़ी और रस्सियों की मदद से छत तक पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मानसिक स्थिति और नशे की भी होगी जांच
सीएफओ संतोष कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। हालांकि उसके शराब के नशे में होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। राहत की बात यह रही कि ईंट-पत्थर लगने से किसी राहगीर को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और उसके परिजनों को भी बुलाया गया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि उसने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। घटना के कारण काफी देर तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









