युवक ने थाने के बाहर पिया कीटनाशक: उपचार के लिए ले जाया गया एम्स, पत्नी से चल रहा था पुराना विवाद

गोरखपुर के खोराबार थाने में दहेज उत्पीड़न के मामले की जांच के लिए बुलाए गए युवक ने थाने के बाहर कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिस और परिजन उसे तत्काल एम्स लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार युवक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
खोराबार क्षेत्र के डुमरी बखरिया निवासी राम प्रवेश निषाद और उनकी पत्नी बबीता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। दो दिन पहले बबीता ने सीओ कैंट को प्रार्थना पत्र देकर पति और ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मामले की जांच के लिए प्रार्थना पत्र खोराबार थाने भेजा गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौते का प्रयास किया। लेकिन बातचीत के दौरान बबीता केस दर्ज कराने की मांग पर अड़ी रहीं। इसके बाद पुलिस ने घरेलू हिंसा, मारपीट और उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
एम्स में चल रहा उपचार
मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद राम प्रवेश थाने से बाहर निकले और गेट के पास जेब में रखा कीटनाशक पी लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलने पर साथ आए परिजन और गांव के लोग पुलिस की मदद से उन्हें एम्स ले गए। उस समय उनकी पत्नी भी थाने में मौजूद थीं। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है। पुलिस के अनुसार युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









