तालाब में मिला युवक का शव: परिजनों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर लगाए आरोप, सीसीटीवी जांच की मांग

गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित भटहट कस्बे में शुक्रवार दोपहर एक युवक का शव तालाब में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। काली माता स्थान के पास स्थित तालाब में करीब 12 बजे एक शव उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मृतक की पहचान भटहट कस्बा निवासी छोटे लाल गुप्ता के 26 वर्षीय पुत्र रवि गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रवि नशे की गोलियां खाने का आदी था। शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधार पर देता था नशीली गोलियां
मृतक के भाई मोनू ने कस्बे के एक मेडिकल स्टोर संचालक पर अवैध तरीके से नशीली गोलियां बेचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रवि लंबे समय से उसी दुकान से नशीली गोलियां खरीदता था। परिवार की ओर से कई बार मेडिकल स्टोर संचालक को इस संबंध में चेतावनी भी दी गई थी। लेकिन उसने इस पर ध्यान नहीं दिया। मोनू ने आरोप लगाया कि पैसे न होने की स्थिति में भी मेडिकल स्टोर संचालक उनके भाई को उधार पर गोलियां उपलब्ध करा देता था। परिजनों का कहना है कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी जांच
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा से मृतक के भाई ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना से करीब एक घंटा पहले रवि चौराहे पर घूमता हुआ दिखाई दिया था। ऐसे में यह पता लगाया जाना चाहिए कि वह तालाब तक कैसे पहुंचा। इस दौरान उसके साथ कौन-कौन लोग मौजूद थे। परिजनों ने संबंधित लोगों से पूछताछ की भी मांग की है। इस घटना से मृतक की मां जीना देवी समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









