कुशीनगर में संपत्ति विवाद में पुत्र ने पिता पर किया हमला: सिर पर धारदार हथियार से किया वार, वारदात के बाद आरोपी फरार

सेवरही कस्बे की समता कॉलोनी में संपत्ति विवाद को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुत्र ने पिता बुधेश्वर तिवारी के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर गिर पड़े। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद आरोपी पुत्र फरार है।
बताया गया कि बुधेश्वर तिवारी का अपने पुत्र से संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर पुत्र ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पिता के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद बुधेश्वर तिवारी जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। सेवरही पुलिस के अनुसार, संपत्ति विवाद में मारपीट की सूचना मिली थी। घायल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया, जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर रवाना हो गए। पुलिस आरोपी पुत्र की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










