कुशीनगर में सीसम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव: राजस्थान से घर आने के बजाय सीधे पहुंचा था ससुराल, हत्या कर शव को लटकाए जाने की आशंका

कुशीनगर के रामकोला में थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला है। ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सुनील गौड़ उर्फ सोनू गौड़ के रूप में हुई है, जो परसौना खुर्द गांव का निवासी था। वह हाल ही में राजस्थान से लौटा था और शनिवार को कप्तानगंज से अपनी ससुराल जाने की बात कहकर निकला था इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई ।
रोजी-रोटी के लिए राजस्थान गया था युवक
मृतक के पिता प्रेम गौड़ ने बताया कि सुनील पिछले महीने रोजी-रोटी के लिए राजस्थान गया था। वह शनिवार को राजस्थान से लौटकर कप्तानगंज पहुंचा था। इसके बाद गांव का एक युवक उसे लेने के लिए गया था। पिता के अनुसार, सुनील सीधे अपने घर आने के बजाय सिधावे के टोला इनरपुर स्थित अपनी ससुराल चला गया।
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया आरोप
युवक का शव गांव के बाहर सीसम के पेड़ से लटका मिलने पर परिजनों ने हत्या कर शव को लटकाए जाने की आशंका जताई है। मृतक के परिजनों का दावा है कि सुनील अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए पहले भी दो-तीन बार ससुराल गया था, जहां उसके साथ मारपीट की गई थी।
पत्नी और सास ने आरोपो किया खारिज
दूसरी ओर, ससुराल पक्ष के मृतक की पत्नी और सास ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि सुनील रविवार से पहले वहां आया ही नहीं था। ऐसे में घटना से पहले वह कहां था और किस परिस्थिति में गांव के बाहर पहुंचा, यह भी जांच का विषय बना हुआ है।
पुलिस ने घटनास्थल से एकत्र किए साक्ष्य
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। मौके पर बुलाई गई फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शनिवार को राजस्थान से लौटने के बाद सुनील कप्तानगंज से अपनी ससुराल तक कैसे पहुंचा और रात में वह किन लोगों के संपर्क में था।
पुलिस ने जताई आत्महत्या की आशंका
रामकोला थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










